Palamu : झारखंड के पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में एक पुलिस जवान की पत्थर से कूचकर निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक जवान की शिनाख्त विजय उरांव के रूप में हुई है, जो पलामू के सदर थाना क्षेत्र के चियांकि गांव के निवासी थे। विजय उरांव पुलिस ट्रेनिंग सेंटर, मुसाबनी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे थे और हाल ही में देवघर में श्रावणी मेला ड्यूटी पर तैनात थे।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार को लेस्लीगंज के जंगल से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया। जांच के बाद शव की पहचान विजय उरांव के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में पता चला कि जवान की गला दबाकर और पत्थर से कूचकर हत्या की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए रांची के रिम्स अस्पताल भेज दिया गया है।

विजय उरांव की पत्नी ने पुलिस को बताया कि श्रावणी मेला ड्यूटी के बाद से ही उनके पति से कोई संपर्क नहीं हो पा रहा था। उन्होंने अपने पति की खोजबीन के लिए कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। साथी जवान भी विजय की तलाश में जुटे थे। पत्नी ने इस मामले को लेकर पुलिस ट्रेनिंग सेंटर, मुसाबनी और पलामू पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से भी मुलाकात की थी।
लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। उन्होंने कहा, “शव की पहचान विजय उरांव के रूप में हुई है। हत्या के कारणों और दोषियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। मृतक की पत्नी ने कई अहम जानकारियां साझा की हैं, जिनके आधार पर कार्रवाई की जा रही है।”
Also Read : लेक गार्डन तालाब में मिली अज्ञात ला’श, तफ्तीश में जुटी पुलिस