Bokaro : बोकारो के चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पुपुनकी गांव में उस वक्त तनाव की स्थिति बन गई, जब पुलिस टीम पर पथराव किया गया। इस घटना में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया, जबकि पुलिस वाहन को भी नुकसान पहुंचा है। सूचना मिलते ही चास एसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को काबू में किया। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया है।
एसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह के अनुसार, पुपुनकी आश्रम में बड़ी संख्या में अनुयायी पहुंचे हुए थे। इसी दौरान सड़क किनारे बैठे कुछ युवक शराब पी रहे थे और किसी बात को लेकर आपस में विवाद हो गया। विवाद बढ़ने के बाद सड़क पर वाहनों को रोका जाने लगा। जब पुलिस स्थिति संभालने मौके पर पहुंची, तो कुछ लोगों ने पुलिस से बहस शुरू कर दी और देखते ही देखते पथराव कर दिया। इस दौरान एक पुलिसकर्मी घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
बताया जा रहा है कि आश्रम में भीड़ जुटने की सूचना पहले से ही थाने को दी गई थी, लेकिन समय रहते सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। घटना के बाद पुलिस मौके पर डटी हुई है और क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुपुनकी आश्रम जाने वाले रास्ते को लेकर विवाद पुराना है। उनका आरोप है कि अगर पुलिस को समय पर भेजा गया होता, तो इस तरह की घटना को रोका जा सकता था। लोगों ने घटना के लिए पुलिस की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है।


