चाईबासा में डायन के नाम पर 4 बच्चे समेत 9 लोगों के हत्या की सूचना, नक्सल इलाका होने के कारण सुबह में जांच करने जायेगी पुलिस टीम

Joharlive Team

चाईबासा। डायन के नाम पर एक ही परिवार के 9 लोगों की हत्या का मामला प्रकाश में आया है। इसमें महिला, पुरुष समेत 4 बच्चे शामिल हैं। घटना मुफस्सिल थाना के हेसाबांद गांव की है। इस मामले में थाना प्रभारी आशुतोष कुमार ने कहा कि मामले की जांच चल रही है। सदर अस्पताल में इलाजरत गुनदी सुरीन को फ़ोन कर उसके चाचा गुमती सुरीन ने हत्या के बारे में सूचना दिया है। जबकि, उस वक़्त घायल दूसरे गांव में था। अब तक कि जांच में ग्रामीण और सरपंच ने 9 लोगों के हत्या की पुष्टि नहीं की। नक्सल इलाका होने के कारण बुधवार की सुबह पुलिस टीम गांव में अतिरिक्त फोर्स के साथ जांच करने जायेगी। इसके बाद पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।
इससे पूर्व अस्पताल में घायल गुन्दी सुरीन ने बोला कि रात में उसके चाचा गुमती सुरीन और सैकडो ग्रामीण उसके घर आए। डायन का आरोप लगा कर उसके पिता बाबू लाल सुरीन, मां मुक्ता सुरीन,भाई नारायण सुरीन, बहन मुन्दली सुरीन, जोगा सुरीन और उसके चार बच्चों की हत्या कर दी गयी। उसकी पत्नी जमुना सुरीन को भी मारपीट कर जख्मी कर दिया गया है। आक्रोशित ग्रामीणों ने उसकी पत्नी के साथ दुष्कर्म भी किया है। गुन्दी सुरीन ने फिर बताया कि वह किसी तरह से बच कर गांव से अपना ससुराल कबरागुटू आ गया। मगर, मंगलवार की सुबह में उसे मारने के लिए वे लोग वहां भी आ गए थे। हालांकि, वहां से भी भाग कर अपने एक रिश्तेदार के घर टोटो के पुरनापानी पहुँच गया। वहां पर उसे टोटों उपस्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां चिकित्सको ने चाईबासा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। यहां आने पर पुलिस को घटना की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस घटना की जानकारी करने में जुट गयी है।