Chatra : चतरा के सिमरिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने अफीम कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है गिरफ्तार आरोपियों में जीवलाल गंझू और मो. फैजान मलिक शामिल हैं। दोनों चतरा के सिमरिया के रहने वाले हैं। इनके पास से 7.196 किलो अफीम, 78.4 किलो डोडा, दो मोबाइल फोन और एक टीवीएस एक्सएल 100 बाइक बरामद की गई है। कार्रवाई के दौरान दो आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम बजराही के पास बगरा-चतरा रोड किनारे मैदान में कुछ लोग अवैध रूप से अफीम की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलते ही सिमरिया एसडीपीओ के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम में अंचलाधिकारी, सिमरिया, थाना प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह, एनडीपीएस थाना के एसआई मो. समी अंसारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस की गाड़ी देखते ही भागने लगे आरोपी
छापेमारी टीम जैसे ही मौके पर पहुंची, वहां मौजूद लोग पुलिस वाहन देखकर भागने लगे। जवानों ने दौड़ाकर दो लोगों को पकड़ लिया, जबकि दो आरोपी जंगल की ओर भाग निकले। पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम जीवलाल गंझू और मो. फैजान मलिक बताया। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे अफीम की खरीद-बिक्री के लिए वहां पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि मैदान में खड़ी टीवीएस एक्सएल 100 बाइक की डिक्की में अफीम रखी हुई है।
बाइक की डिक्की से मिला अफीम
पुलिस ने बाइक की तलाशी ली तो डिक्की से दो प्लास्टिक डिब्बों में अफीम बरामद हुई। इसके बाद जीवलाल गंझू से पूछताछ की गई। उसने बताया कि उसके घर में भी अफीम और डोडा छिपाकर रखा गया है। पुलिस ने उसके घर पर छापेमारी की। वहां से एक केन में रखा अफीम और तीन प्लास्टिक बोरे में भरा डोडा बरामद किया गया। बरामद डोडा का कुल वजन 78.4 किलो बताया गया है।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक मौके से फरार होने वालों की पहचान हैदर खान उर्फ दीवान और दिलावर खान के रूप में हुई है। दोनों ईचाक कला गांव के रहने वाले हैं। पुलिस दोनों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
Also Read : रांची में एसी कॉपर वायर चोरी का खुलासा, कबाड़ी दुकानदार समेत दो गिरफ्तार


