Ranchi : विद्यार्थियों को सुरक्षित, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को डीपीएस स्कूल, जगन्नाथपुर में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार एवं सेवन के दुष्प्रभाव, साइबर अपराध, महिला एवं बालकों से संबंधित अपराध तथा सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, रूरल एसपी गौरव गोस्वामी, ट्रैफिक डीएसपी एवं हटिया डीएसपी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया, ऑनलाइन गेमिंग, फर्जी कॉल, ओटीपी और लिंक फ्रॉड जैसे मामलों से बचने के लिए छात्रों को हमेशा सतर्क रहना चाहिए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत अभिभावकों एवं पुलिस को देनी चाहिए।

अधिकारियों ने मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति का भविष्य बर्बाद करता है, बल्कि परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे नशे से दूर रहें और अपने आसपास किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना पुलिस को दें।
महिला एवं बालकों से संबंधित अपराधों पर चर्चा करते हुए अधिकारियों ने बच्चों को गुड टच और बैड टच की जानकारी दी तथा किसी भी प्रकार की परेशानी या उत्पीड़न की स्थिति में बिना डर के अपने माता-पिता, शिक्षकों या पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी।
इस दौरान सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों को लेकर भी छात्रों को जागरूक किया गया। अधिकारियों ने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, यातायात संकेतों का पालन करने और सड़क पर जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भी विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने सरल और व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से जवाब दिया। जागरूकता कार्यक्रम को छात्रों और शिक्षकों ने काफी उपयोगी बताया। स्कूल प्रबंधन ने पुलिस विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।
Also Read : ट्रेलर की टक्कर से कार घिसटी, स्कूल बस का इंतजार कर रही दो छात्राएं घायल

