Bokaro : बोकारो के चास मुफस्सिल थाना पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक साजिश का खुलासा करते हुए तीन कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये अपराधी बिहार की बेगूसराय स्थित एक कंस्ट्रक्शन कंपनी से रंगदारी वसूलने के लिए फायरिंग की योजना बना रहे थे। कंपनी बांधडीह रेलवे साइडिंग पर सिविल वर्क कर रही थी।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अपराधी बंगाल नंबर की एक्सयूवी-500 गाड़ी से इलाके में पहुंचे थे। उनके पास से एक लोडेड पिस्टल, आठ जिंदा कारतूस, एक सैटेलाइट डोंगल और रंगदारी से जुड़ा धमकी भरा पर्चा बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रजनीश राज उर्फ रजनीश शर्मा उर्फ शुक्ला, सलमान अहमद खान और मोहम्मद सैफुद्दीन के रूप में हुई है। तीनों अलग-अलग राज्यों के निवासी हैं और संगठित गिरोह बनाकर अपराध को अंजाम दे रहे थे। रजनीश झारखंड के पलामू, सलमान उत्तर प्रदेश के गाजीपुर और सैफुद्दीन बिहार के मुजफ्फरपुर का रहने वाला है। इस बात का खुलासा बोकारो एसपी हरविंदर सिंह ने किया।
एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी बांधडीह रेलवे साइडिंग के पास बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले हैं। इसके बाद तलगरिया मोड़ पर मोर्चाबंदी की गई। इसके बाद चास एसडीपीओ प्रवीण सिंह के नेतृत्व में चास मुफस्सिल थाना प्रभारी प्रकाश मंडल और सियालजोरी थाना प्रभारी रंजित प्रसाद यादव की देखरेख में टीम गठित कर कार्रवाई शुरू की गयी। जब संदिग्ध वाहन को रोकने की कोशिश की गई तो चालक गाड़ी लेकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा करते हुए बांधडीह रेलवे ब्रिज के पास घेराबंदी कर तीनों अपराधियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद हुआ।

पुलिस के अनुसार, रजनीश बोकारो जिले का कुख्यात अपराधी है। रेलवे साइडिंग से रंगदारी नहीं मिलने पर वह दोबारा फायरिंग करने की तैयारी में था। समय रहते कार्रवाई होने से एक बड़ी घटना टल गई। रजनीश और उसके साथी इससे पहले भी रेलवे साइडिंग पर फायरिंग की घटनाओं में शामिल रहे हैं। वर्ष 2023 और सितंबर 2025 में हुई फायरिंग की घटनाओं में इन्हीं का हाथ था। 2025 की घटना में मिट्टी गिरा रहे एक ट्रैक्टर चालक को गोली लगी थी। उस दौरान अपराधी धमकी भरा पर्चा फेंककर फरार हो गए थे।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार रजनीश झारखंड पुलिस के सेवानिवृत्त दारोगा का बेटा है। उसके खिलाफ बोकारो जिले के विभिन्न थानों में नौ संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
Also Read : रूपेश पांडेय हत्याकांड में तीन दोषी करार, दो बरी, सजा का ऐलान 5 फरवरी को




