Ranchi : नया साल नजदीक आते ही लोग परिवार के साथ घूमने की योजना बनाने लगते हैं, लेकिन महंगाई के कारण कई बार प्लान रद्द करना पड़ता है। ऐसे में रांची–खूंटी रोड पर स्थित बिरसा मृग विहार उन लोगों के लिए राहत बनकर सामने आया है, जो कम खर्च में प्रकृति के करीब समय बिताना चाहते हैं। यहां सिर्फ ₹5 की एंट्री फीस में पूरा परिवार दिनभर घूम सकता है।
हरियाली और हिरणों से भरा 54 एकड़ का इलाका
करीब 54 एकड़ में फैला यह पार्क प्राकृतिक खूबसूरती के लिए जाना जाता है। खुले जंगल में झुंड में घूमते हिरण लोगों को खासा आकर्षित करते हैं। पार्क में मौजूद 45 सांभर और 129 चितल को नजदीक से देखने का मौका मिलता है, जिसे बच्चे बड़े चाव से देखते हैं।
वॉच टावर से दिखता है जंगल का नज़ारा
बिरसा मृग विहार में बनाए गए तीन वॉच टावर पर्यटकों को ऊंचाई से पूरे जंगल को देखने का अवसर देते हैं। यहां से हिरणों की अठखेलियां, घना जंगल और चारों ओर फैली हरियाली एक साथ नजर आती है। लोग यहां फोटो और वीडियो बनाना भी पसंद करते हैं।
आराम और खाने की भी व्यवस्था
लंबी सैर के बाद आराम के लिए पार्क परिसर में रेस्ट हाउस की सुविधा मौजूद है। इसके साथ ही कैंटीन में खाने-पीने की भी व्यवस्था है, जहां बच्चों के लिए सैंडविच और हल्के नाश्ते मिल जाते हैं।
बच्चों के लिए अलग मनोरंजन जोन
पार्क में बना चिल्ड्रन पार्क बच्चों के लिए खास आकर्षण है। यहां 360 डिग्री झूला, राउंड झूला और मोटर बाइक झूले जैसे कई झूले लगे हैं। बच्चे झूलों में मस्त रहते हैं, जबकि माता-पिता पास बैठकर सुकून के पल बिताते हैं।
कांची नदी बढ़ाती है खूबसूरती
पार्क के पास बहने वाली कांची नदी सर्दियों में और भी सुंदर नजर आती है। इस मौसम में नदी का पानी साफ और भरपूर रहता है। वॉच टावर से नदी, पहाड़ और जंगल का दृश्य एक साथ देखने को मिलता है।
नाममात्र फीस, पूरी फैमिली का मजा
बिरसा मृग विहार में बच्चों के लिए ₹2 और बड़ों के लिए ₹3 एंट्री फीस तय है। यही वजह है कि यह जगह बड़े परिवारों की पहली पसंद बनती जा रही है। पार्किंग की सुविधा मौजूद है और गेट के बाहर पंजाबी ढाबा भी है, जहां स्वादिष्ट खाना मिल जाता है।
नए साल से पहले बढ़ी रौनक
नए साल से पहले ही बिरसा मृग विहार में अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिल रही है। कई लोग बसों में भरकर यहां पहुंच रहे हैं। हरियाली, शुद्ध हवा और शांत वातावरण लोगों को मानसिक सुकून देता है। पर्यटकों का कहना है कि यहां पहुंचते ही रोजमर्रा का तनाव खुद-ब-खुद दूर हो जाता है।
Also Read : नए साल पर जेब पर भारी नहीं पड़ेगी पिकनिक, बिरसा मृग विहार बना सस्ता और सुकून भरा ठिकाना


