Ranchi : केन्दुआडीह क्षेत्र में लगातार हो रही भू-धंसान और गैस रिसाव की घटनाओं से परेशान रैयतों, दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने गुरुवार को रणधीर वर्मा चौक पर एक दिवसीय सत्याग्रह किया। इस दौरान लोगों ने सुरक्षित विस्थापन और उचित मुआवजे की मांग को लेकर प्रशासन और बीसीसीएल के खिलाफ नाराजगी जताई।
लंबे समय से समस्या, लोगों की जान पर बना खतरा
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में रैयत, मजदूर और स्थानीय लोग शामिल हुए। उनका कहना है कि इलाके में लंबे समय से जमीन धंसने और जहरीली गैस के रिसाव की घटनाएं हो रही हैं, जिससे लोगों का जीवन खतरे में पड़ गया है। इसके बावजूद प्रशासन और बीसीसीएल की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
जनप्रतिनिधियों ने दिया समर्थन, समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज होगा
सत्याग्रह में निरसा विधायक अरूप चटर्जी और आजसू जिला अध्यक्ष मंटू महतो भी मौजूद रहे। अरूप चटर्जी ने मौके पर ही अधिकारियों से बात कर समस्या के समाधान की मांग की और प्रभावित लोगों को हर संभव मदद का भरोसा दिया। वहीं मंटू महतो ने आरोप लगाया कि प्रशासन इस गंभीर मुद्दे को नजरअंदाज कर रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही सुरक्षित विस्थापन और मुआवजे को लेकर कदम नहीं उठाए गए, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उनका कहना है कि यह सिर्फ मुआवजे का नहीं बल्कि लोगों की जान और सुरक्षा का सवाल है।
Also Read : हजारीबाग में दो ट्रकों की भिड़ंत के बाद लगी भीषण आग, हाईवे पर मचा हड़कंप


