Pakur : नगर थाना पुलिस ने पश्चिम बंगाल के एक कुख्यात अपराधी अनीकूल खान उर्फ एनी खान को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पर पश्चिम बंगाल के सूती थाना में कुल 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह इन मामलों में वारंटी था।
अनीकूल खान, मियारूद्दीन खान का पुत्र और सूती थाना क्षेत्र के नतुनचंद गांव का निवासी है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं।
नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी नगर थाना क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सतर्कता के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की और विभिन्न स्रोतों से जानकारी जुटाकर आरोपी की लोकेशन की पुष्टि की।
पूरी रणनीति के तहत पुलिस ने बिना किसी शोर-शराबे के आरोपी को गिरफ्तार किया, ताकि वह भागने में सफल न हो सके। गिरफ्तार अपराधी को नगर थाना क्षेत्र से ही पकड़कर पश्चिम बंगाल के सूती थाना पुलिस के हवाले किया गया और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
गणतंत्र दिवस को लेकर नगर थाना प्रभारी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर की गई यह कार्रवाई पुलिस की सक्रियता को दर्शाती है। गिरफ्तारी के बाद नगर थाना पुलिस की सराहना स्थानीय लोगों द्वारा की जा रही है। जिला पुलिस ने भी गणतंत्र दिवस के अवसर पर शहर के होटल, लॉज और धर्मशालाओं का निरीक्षण बढ़ा दिया है, ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि पर समय रहते लगाम लगाया जा सके।
Also Read : देवघर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने बासुकीनाथ धाम में की पूजा, कार्यकर्ताओं से की मुलाकात


