जोहार लाइव ब्यूरो
झारखंड की आदिवासी नेत्री निशा भगत की संदिग्ध मौत के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने जांच तेज कर दी है. दिल्ली CBI की स्पेशल क्राइम ब्रांच-1 की टीम ने मामले में पिठोरिया के तत्कालीन थानेदार सतीश पांडे से पूछताछ कर उनका बयान दर्ज किया है. शुरुआती पुलिस जांच और घटनास्थल से जुटाये गये साक्ष्यों को लेकर अधिकारियों ने उनसे कई अहम सवाल पूछे. रांची में पिछले कुछ दिनों से कैंप कर रही सीबीआई की टीम प्रारंभिक जांच और साक्ष्य जुटाने के बाद गुरुवार को दिल्ली लौटेगी.
पूछताछ के दौरान सीबीआई अधिकारियों ने तत्कालीन थानेदार से शुरुआती पुलिस कार्रवाई, घटनास्थल से बरामद साक्ष्यों और केस डायरी से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी ली. पुलिस ने घटना के बाद किन परिस्थितियों में जांच की और कौन-कौन से साक्ष्य जुटाये, इस संबंध में भी उनका बयान दर्ज किया गया. सीबीआई इन जानकारियों के आधार पर शुरुआती जांच के विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है.
इससे पहले जांच टीम ने नामजद आरोपी ज्योत्स्ना केरकेट्टा और अजय तिकीं से भी कई घंटे तक पूछताछ की थी. दोनों के ठिकानों पर छापेमारी के दौरान मोबाइल फोन, लैपटॉप, अन्य डिजिटल उपकरण और महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किये गये थे.
मोबाइल, लैपटॉप और चैट की होगी जांच
सीबीआई अब जब्त किये गये इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों की जांच कर रही है. फॉरेंसिक जांच के जरिये कॉल डिटेल्स, चैट और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड खंगाले जायेंगे. इन साक्ष्यों से घटना से पहले और बाद के घटनाक्रम के साथ संबंधित लोगों के बीच संपर्कों की जानकारी जुटाने में मदद मिल सकती है.
जांच के दौरान सीबीआई की टीम ने घटनास्थल पर क्राइम सीन रीक्रिएट कर तकनीकी पहलुओं की भी पड़ताल की. अधिकारियों ने घटनास्थल की परिस्थितियों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटना की कड़ियों को समझने का प्रयास किया. अब तक की पूछताछ और जांच में जुटाये गये साक्ष्यों का विश्लेषण करने के बाद आगे की जांच की दिशा तय की जायेगी.
गौरतलब है कि 6 नवंबर को पिठोरिया स्थित अपने आवास पर फेसबुक लाइव करने के बाद निशा भगत की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी थी. घटना के बाद परिजनों और आदिवासी संगठनों ने निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर विरोध जताया था. इसके बाद राज्य सरकार की अनुशंसा पर मामले की जांच दिल्ली सीबीआई को सौंप दी गयी.

