Jamtara (Rajiv Jha) : जामताड़ा शहर के महाविद्यालय रोड स्थित एक निर्माणाधीन अपार्टमेंट में कार्यरत नाइट गार्ड की रविवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त शहर से सटे दुलाडीह गांव निवासी लखन महतो के रूप में हुई है। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव के साथ मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे कई घंटों तक आवागमन बाधित रहा।
मिली जानकारी के अनुसार लखन महतो शनिवार शाम को रोज की तरह ड्यूटी पर पहुंचे थे। सहकर्मियों ने बताया कि वे आमतौर पर सुबह करीब 7 बजे चाय पीकर घर चले जाते थे, लेकिन रविवार सुबह काफी देर तक उनके नहीं उठने पर साथी कर्मी उन्हें देखने गए। लखन महतो की हालत नाजुक देख तुरंत एंबुलेंस बुलाकर उन्हें पारस हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कर्मियों के अनुसार, लखन महतो काफी मिलनसार स्वभाव के थे और उन्हें किसी प्रकार की नशे की लत भी नहीं थी। अपार्टमेंट के मालिक संजय पाहन ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर मामला हृदयाघात का प्रतीत होता है और यह एक प्राकृतिक मृत्यु हो सकती है। उन्होंने कहा कि अपार्टमेंट परिसर में किसी तरह की कोई घटना नहीं हुई है।
इधर, नाइट गार्ड की मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए और मुआवजे की मांग को लेकर अपार्टमेंट के सामने मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लोगों को समझाने का प्रयास किया। बाद में अपार्टमेंट मालिक की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन दिए जाने के बाद स्थिति सामान्य हुई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
Also Read : दिल्ली-बागडोगरा फ्लाइट में बम की सूचना, लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग


