Sahibganj : साहिबगंज जिला कार्यालय में आज DC दिनेश यादव की अध्यक्षता में कृषि, पशुपालन, मत्स्य और सहकारिता विभाग की बैठक हुई। बैठक में मुख्य फोकस किसानों तक सभी योजनाओं का सही और समय पर लाभ पहुँचाने पर था।
लापरवाही पर नाराजगी
बैठक के दौरान उपायुक्त ने देखा कि बीज वितरण, कृषक ट्रेनिंग और मृदा स्वास्थ्य जैसी योजनाओं में काम सुस्त चल रहा है। इस पर उन्होंने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और साफ कहा कि कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने निर्देश दिया कि अगली बैठक तक सभी लंबित काम पूरे होने चाहिए।
योजनाओं की स्थिति की जांच
बैठक में पीएम-किसान, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), फसल बीमा, झारखंड राज्य मिलेट्स मिशन और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन जैसी योजनाओं की समीक्षा की गई। इसके अलावा मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना, कृत्रिम गर्भाधान और पशु शेड वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
मत्स्य और सहकारिता विभाग पर भी ध्यान
मत्स्य विभाग के लिए तालाबों में मछली के बीज बांटना और मत्स्य उत्पादक समूहों को मजबूत करना जरूरी बताया गया। सहकारिता विभाग में गोदाम निर्माण और उर्वरक लाइसेंस की स्थिति पर भी चर्चा हुई।
विभागों को मिला स्पष्ट निर्देश
उपायुक्त ने सभी विभागों को कहा कि आपस में मिलकर काम करें और योजनाओं का प्रचार-प्रसार भी सही से करें ताकि जिले का कोई भी किसान लाभ से वंचित न रहे। बैठक में उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा, जिला कृषि पदाधिकारी खुशबू पासवान, जिला मत्स्य पदाधिकारी धनराज कापसे, जिला सहकारिता पदाधिकारी नीलम कुमारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी विद्यासागर सिंह, जिला गव्य विकास पदाधिकारी गिरीश कुमार और एफपीओ के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।


