Godda : जिले के महागामा थाना क्षेत्र अंतर्गत मांगन पिपरा बहियार में सुबह एक 30 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। खेत की ओर गए ग्रामीणों ने बहियार में शव पड़ा देखा, जिसके बाद इसकी सूचना तुरंत महागामा पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान मांगन पिपरा निवासी अमित कुमार मोदी के रूप में की गई। शव मिलने की खबर परिजनों तक पहुंचते ही घर में कोहराम मच गया। पत्नी और अन्य परिजन रो-रोकर बदहवास हो गए। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए, जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सोमवार शाम घर से निकले थे अमित
परिजनों के अनुसार अमित कुमार मोदी सोमवार शाम करीब सात बजे यह कहकर घर से निकले थे कि वह थोड़ी देर घूमकर वापस आएंगे और लौटकर खाना खाएंगे। लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन फोन बंद मिला। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका।
पुलिस जांच में जुटी
मंगलवार सुबह शव मिलने की सूचना पर महागामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर आजाद और थाना प्रभारी मनोज कुमार पाल दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए गोड्डा सदर अस्पताल भेज दिया गया।
जमीन विवाद में हत्या की आशंका
परिजनों ने पुलिस को बताया कि अमित का अपने पड़ोसी के साथ लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद के कारण उसकी हत्या की गई हो सकती है। पुलिस इस पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और विवाद से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है। महागामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर आजाद ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।
Also Read : बारामती विमान हादसा : महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार का निधन, तीन दिन का राज्यव्यापी शोक घोषित


