Ranchi : नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के तहत नॉमिनेशन फॉर्म की बिक्री और नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन शनिवार को रांची समाहरणालय और बुण्डू अनुमंडल कार्यालय में निर्वाची पदाधिकारियों के कक्षों से अभ्यर्थियों ने नॉमिनेशन फॉर्म प्राप्त किए और कुछ ने अपना नामांकन दाखिल किया। तीसरे दिन महापौर पद के लिए पांच नॉमिनेशन फॉर्म की बिक्री हुई, लेकिन किसी भी अभ्यर्थी ने नामांकन दाखिल नहीं किया। अब तक महापौर पद के लिए कुल 16 अभ्यर्थी नॉमिनेशन फॉर्म खरीद चुके हैं। शुक्रवार को किरण कुमारी, संजय कुमार टोप्पो, रामशरण तिर्की, सुजीत कुमार कुजूर और प्रवीण कच्छप ने नॉमिनेशन फॉर्म खरीदे।

रांची नगर निगम के सभी 53 वार्डों के लिए शुक्रवार को कुल 61 नॉमिनेशन फॉर्म की बिक्री दर्ज की गई। इस दौरान छह अभ्यर्थियों ने वार्ड पार्षद पद के लिए नामांकन दाखिल किया। नामांकन करने वालों में वार्ड 11 से आलिया नाज, वार्ड 13 से हनी रुचि धान, वार्ड 16 से नजिमा रजा, वार्ड 39 से पिंकी कुमारी, वार्ड 40 से राहुल कुमार और वार्ड 46 से शोभा कुमारी गुप्ता शामिल हैं।
53 वार्डों में नॉमिनेशन फॉर्म की बिक्री अलग अलग रही। वार्ड 19 में सबसे अधिक पांच नॉमिनेशन फॉर्म बिके, जबकि वार्ड 8, 25, 42 और 48 में चार चार नॉमिनेशन फॉर्म की बिक्री हुई। कई वार्डों में अब तक एक भी नॉमिनेशन फॉर्म नहीं लिया गया है। बुण्डू नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए एक नॉमिनेशन फॉर्म की बिक्री हुई है, लेकिन यहां भी नामांकन अब तक शून्य है। वहीं वार्ड पार्षद पद के लिए कुल 10 नॉमिनेशन फॉर्म की बिक्री हुई, हालांकि किसी भी वार्ड से अब तक नामांकन दाखिल नहीं किया गया है। प्रशासन के अनुसार नॉमिनेशन फॉर्म की बिक्री और नामांकन की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के तहत जारी रहेगी। आने वाले दिनों में नामांकन की संख्या बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

Also Read : लालू यादव समेत पांच चढ़े रांची पुलिस के हत्थे, हथियार और ब्राउन शुगर जब्त




