Jamtara (Nala) : जामताड़ा के देवली-कुलडंगाल स्थित अद्वैत पल्ली में शनिवार से बाल ब्रह्मचारी श्री श्री अद्वैत दास साधु महाराज जी के 32वें तिरोधान धाम महोत्सव का शुभारंभ हुआ। गुरु गौरांग मिलन परिषद के भक्तवृंद की ओर से 24 प्रहर अखंड हरिनाम संकीर्तन की शुरुआत शुभ गंधाधिवास के साथ की गई। महोत्सव के आयोजन से पूरे गांव में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बन गया है। महोत्सव के पहले दिन मंगल ध्वनि और हरिनाम संकीर्तन के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में महिला, पुरुष और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। श्रद्धालु भगवान का जयघोष करते हुए गांव और टोले का भ्रमण करते नजर आए। शोभायात्रा के दर्शन के लिए सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मौजूद रहे।
आचार्य माधव चंद्र झा ने वैदिक विधि-विधान से भगवान की विधिवत पूजा-अर्चना कराई। इस दौरान भोग-आरती, गंधाधिवास और भजन-कीर्तन संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
आयोजकों ने बताया कि राधाकुंडवासी श्री श्री अद्वैत दास बाबाजी साधु महाराज का तिरोधान महोत्सव प्रतिवर्ष श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाता है। इस वर्ष 32वें वार्षिक महोत्सव को लेकर चार दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा सहित कई धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया है। इसके लिए भव्य पंडाल, पर्याप्त रोशनी और लाउडस्पीकर की व्यवस्था की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार महोत्सव में वृंदावन धाम से श्रीमद्भागवत कथा वाचक श्री श्री प्राणेश माधव दास ब्रह्मचारी और नवद्वीप धाम के प्रसिद्ध कीर्तन कलाकार गौर गोपाल ब्रह्मचारी विशेष रूप से शामिल होंगे। इस आयोजन में आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में वैष्णव भक्तों और ग्रामीणों की भागीदारी हो रही है।
इस अवसर पर दीनबंधु दास, अजीत पाल, विजय झा, दामोदर झा, लक्ष्मण ठाकुर, वासुदेव झा, रासबिहारी झा, दानी नाथ कर, राधा माधव दास, मुरली पाल, पुरन भंडारी, दिवाकर कर, मोहन झा, सुजन दास, सागर कर, लालटु दास, बिमल मजुमदार, गोपाल दास, जीवन पाल, अमर भंडारी, जयदेव पाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
Also Read : जामताड़ा में ‘प्रतिभा पल्लव’ प्रदर्शनी, विद्यार्थियों की सृजनात्मक सोच और नवाचार ने खींचा ध्यान


