Ranchi : झारखंड सरकार ने राज्य के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। जमशेदपुर में आधुनिक अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) सह कमर्शियल मॉल बनाने की मंजूरी दे दी गई है। इस परियोजना पर करीब 153.36 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यह प्रोजेक्ट पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर विकसित किया जाएगा और इसे राज्य का पहला अत्याधुनिक बस टर्मिनल माना जा रहा है।
कहां बनेगा नया बस टर्मिनल
यह आधुनिक ISBT जमशेदपुर में डिमना चौक और पारीडीह के बीच नेशनल हाईवे के किनारे लगभग 9.88 एकड़ जमीन पर बनाया जाएगा। इस परियोजना को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पहल और नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार के प्रयासों से मंजूरी मिली है।
निर्माण की जिम्मेदारी और निर्देश
नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने इस परियोजना के निर्माण की जिम्मेदारी जुडको (JUDCO) को सौंपी है। साथ ही उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता और यात्रियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं।
डिजाइन और सुविधाएं होंगी खास
इस ISBT की डिजाइन खास और आकर्षक होगी। इसे हेक्सागोनल (षटकोणीय) डिजाइन में तैयार किया जाएगा, जिसमें हरियाली और आधुनिक वास्तुकला का मेल देखने को मिलेगा। परिसर में सेंट्रल कोर्टयार्ड, जल संरचनाएं, स्थानीय कला और चित्रकला जैसी सुविधाएं होंगी, जो यात्रियों को अलग अनुभव देंगी। टर्मिनल और मॉल के बीच बना प्लाजा रंगीन शीशों से सजाया जाएगा, जिससे आकर्षक छाया प्रभाव दिखाई देगा।
बसों और पार्किंग की व्यवस्था
परियोजना के तहत एक साथ 50 बसों के ठहरने और 23 बसों के संचालन की सुविधा होगी।
ग्राउंड फ्लोर पर :
- 300 कारों की पार्किंग
- 350 दोपहिया वाहनों की पार्किंग
- 18 टिकट काउंटर
- 300 यात्रियों की क्षमता वाला प्रतीक्षालय
- रेस्टोरेंट और फूड कोर्ट
- 46 दुकानें
पहली मंजिल पर अतिरिक्त सुविधाएं
पहली मंजिल पर यात्रियों और स्टाफ के लिए कई आधुनिक सुविधाएं दी जाएंगी :
- वातानुकूलित प्रतीक्षालय
- 120 यात्रियों के लिए डोरमेट्री
- 60 चालकों के लिए अलग डोरमेट्री
- प्रशासनिक कार्यालय
कमर्शियल मॉल भी बनेगा
इस परियोजना में बस टर्मिनल के साथ एक कमर्शियल मॉल भी बनाया जाएगा। इसमें :
- मल्टीपरपज हॉल
- मनोरंजन केंद्र
- स्वास्थ्य सुविधाएं
- फूड कोर्ट
- करीब 100 दुकानें
रोजगार और अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
सरकार का मानना है कि इस परियोजना से न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। इसके साथ ही जमशेदपुर में आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
Also Read : झारखंड स्टेट बार चुनाव में दो युवाओं ने मारी बाजी, अभिषेक और ललित जीते


