Hazaribagh : शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम में देरी को लेकर शनिवार को बड़ा हंगामा देखने को मिला। सदर विधायक प्रदीप प्रसाद अपने समर्थकों और मृतक के परिजनों के साथ अस्पताल गेट के बाहर ही धरने पर बैठ गए। सैकड़ों की संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई।


रामनवमी जुलूस के दौरान हुई थी हत्या
दरअसल, बीती रात रामनवमी जुलूस के दौरान कटकमसांडी प्रखंड के गोदखर गांव निवासी राम कुमार साव की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। घटना में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। देर रात ही शव को पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया था।
डॉक्टर के इंतजार में घंटों पड़े रहे परिजन
परिजनों का आरोप है कि सुबह 9 बजे डॉक्टर आने वाले थे, लेकिन दो घंटे तक कोई चिकित्सक नहीं पहुंचा। इसी बात से नाराज होकर विधायक प्रदीप प्रसाद भड़क गए और सड़क पर धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि कई अधिकारियों को सूचना देने के बावजूद समय पर पोस्टमार्टम नहीं किया गया।
पोस्टमार्टम के नाम पर पैसे मांगने का आरोप
धरने के दौरान विधायक ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पोस्टमार्टम करने के बदले मृतक के परिजनों से पैसे मांगे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल में व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई है और गरीबों को हर कदम पर परेशानी झेलनी पड़ रही है।
अस्पताल की व्यवस्था पर विधायक का हमला
विधायक ने कहा कि बड़े अधिकारी सिर्फ बयान देने आते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत नहीं बदलती। डॉक्टर समय पर नहीं मिलते और इलाज भी पैसे के आधार पर होता है। उन्होंने इस पूरी व्यवस्था को सुधारने की मांग की।
अधीक्षक ने दिया जांच और कार्रवाई का आश्वासन
मामले की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल अधीक्षक डॉ. अनुकूलन पूर्ति मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर के देर से आने की जांच की जाएगी और उन पर कार्रवाई होगी। साथ ही पैसे मांगने के आरोपों की भी जांच कराई जाएगी। दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
धरना खत्म, पोस्टमार्टम शुरू
अधीक्षक के आश्वासन के बाद विधायक ने धरना समाप्त किया और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कराई गई। घटना के बाद गोदखर गांव में शोक और तनाव का माहौल है। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
Also Read : दुमका में प्राइवेट स्कूलों पर डीसी ने कसा नकेल, मनमानी फीस बढ़ाने पर होगी कार्रवाई


