New Delhi : तिरुवनंतपुरम से हजरत निजामुद्दीन (दिल्ली) जा रही राजधानी एक्सप्रेस में रविवार सुबह अचानक भीषण आग लगने से यात्रियों में हड़कंप मच गया। हादसा कोटा रेल मंडल के लूनी और आलोट रेलवे स्टेशन के बीच सुबह करीब 5:15 बजे हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक शॉर्ट सर्किट के कारण ट्रेन में आग लगी, जिसने कुछ ही देर में दो बोगियों को अपनी चपेट में ले लिया। सुबह का समय होने के कारण अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। अचानक धुआं और आग की लपटें दिखते ही बोगियों में चीख-पुकार मच गई। यात्री जान बचाने के लिए घबराकर ट्रेन से नीचे उतरने लगे। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। रेलवे प्रशासन ने प्रभावित यात्रियों के लिए मौके पर ही पानी, चाय और नाश्ते की व्यवस्था कराई। स्वास्थ्य विभाग की टीम को भी घटनास्थल पर भेजा गया, ताकि किसी यात्री को जरूरत पड़ने पर तुरंत इलाज मिल सके।
दो बोगियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त
आग इतनी तेज थी कि ट्रेन की दो बोगियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। रेलवे अधिकारी नुकसान का आकलन करने में जुटे हैं। हादसे के बाद रेलवे सुरक्षा और तकनीकी टीम ने जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है।
दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर असर
इस हादसे के कारण दिल्ली-मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हो गया। कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा। मुंबई-जयपुर सुपरफास्ट समेत कई महत्वपूर्ण ट्रेनों की आवाजाही बाधित रही। रेलवे कर्मचारी ट्रैक को जल्द साफ कर परिचालन सामान्य करने में जुटे रहे।
यात्रियों ने सुनाई डरावनी आपबीती
घटना के बाद कई यात्रियों ने बताया कि वे अचानक धुएं की गंध और लोगों की चीख सुनकर जागे। कुछ यात्रियों ने कहा कि कुछ मिनटों के लिए ऐसा लगा जैसे बड़ा हादसा हो जाएगा। हालांकि रेलवे कर्मचारियों और बचाव दल की तेजी से स्थिति को संभाल लिया गया। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और आधिकारिक सूचना पर भरोसा करने की अपील की है।
Also Read : देश भर में लू की मार, रांची में मौसम सुहाना… जून में मानसून की दस्तक के आसार


