Giridih : झारखंड के गिरिडीह जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित पांडेयडीह में सोमवार देर रात एक जनरल स्टोर में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया और लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। इस हादसे में दुकान मालिक और उनका बेटा आग बुझाने के दौरान गंभीर रूप से झुलस गए हैं। दोनों का इलाज निजी नर्सिंग होम में चल रहा है। बताया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा सामान बचाने का मौका तक नहीं मिला। दुकान के अंदर रखे चार फ्रिज, टीवी, मोबाइल फोन, दो फोटोकॉपी मशीन, नकद रकम और राशन का सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। शुरुआती अनुमान के मुताबिक इस आग में 5 लाख रुपये से ज्यादा की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
आग बुझाने गए पिता-पुत्र खुद झुलस गए
घटना के वक्त दुकान मालिक मनोहर कुमार मरीक अपने परिवार के साथ दुकान के पीछे बने मकान में मौजूद थे। जैसे ही आग की लपटें उठती दिखीं, परिवार और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। आग पर काबू पाने की कोशिश के दौरान मनोहर कुमार मरीक और उनके पुत्र विक्रम कुमार मरीक गंभीर रूप से झुलस गए। इसके बाद दोनों को तुरंत निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
स्थानीय लोगों की मदद से टला बड़ा हादसा
आग लगने की खबर फैलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और आग बुझाने में मदद करने लगे। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम भी पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर दमकल की टीम समय पर नहीं पहुंचती, तो आग आसपास की दुकानों तक फैल सकती थी और नुकसान कहीं ज्यादा बड़ा हो सकता था।
परिवार पर टूटा मुसीबत का पहाड़
इस हादसे ने एक परिवार की मेहनत की कमाई को कुछ ही मिनटों में राख कर दिया। दुकान मालिक का कहना है कि उनकी रोजी-रोटी का मुख्य जरिया यही दुकान थी। अब एक तरफ इलाज का खर्च है, तो दूसरी तरफ कारोबार दोबारा खड़ा करने की चिंता। इलाके में इस घटना के बाद लोग सहमे हुए हैं।
Also Read : गुमला में कारोबारी के घर 24 लाख की चोरी, CCTV में दिखा संदिग्ध


