Seraikela : सरायकेला जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र के मुरू गांव से चिंताजनक खबर सामने आई है। मुरू गांव स्थित एक ईंट भट्ठे पर एक शख्स की बॉडी बरामद की गई है। मृतक की शिनाख्त खितिश महतो के तौर पर की गई है। डेड बॉडी मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
मौके पर पहुंची पुलिस
वारदात की फैली सूचना के बाद नीमडीह थाना की पुलिस तुरंत स्पॉट पर पहुंची। पुलिस ने बॉडी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में डेड बॉडी के पास कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही मौत के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जाएगी।
भट्ठे पर करता था रखवाली का काम
परिवार के लोगों ने बताया कि खितिश महतो ईंट भट्ठे पर रखवाली का काम करते थे और रात में वहीं रहते थे। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उनकी मौत कैसे हुई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी।
अवैध ईंट भट्ठों पर उठे सवाल
स्थानीय सूत्रों का कहना है कि ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में कई अवैध ईंट भट्ठे और चिमनी भट्ठे चल रहे हैं। प्रदूषण विभाग की अनदेखी और जिला प्रशासन व अंचल स्तर के अधिकारियों की लापरवाही के कारण ये भट्ठे खुलेआम संचालित हो रहे हैं। स्थानीय लोग इस मामले में सरकार और प्रशासन से उच्च स्तरीय जांच की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि इन अवैध भट्ठों से पर्यावरण और लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है, साथ ही सरकार को राजस्व का नुकसान भी हो रहा है।
Also Read : धनबाद में 12 एकड़ पर बनेगा अंतरराज्यीय बस टर्मिनल, लंबित परियोजना पर लगी ब्रेक हटी

