Ranchi : रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत वाली खबर है। अब एयरपोर्ट पर महंगी चाय और स्नैक्स को लेकर ज्यादा चिंता करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री Ram Mohan Naidu ने रांची एयरपोर्ट पर “उड़ान यात्री कैफे” की शुरुआत की है, जहां यात्रियों को बेहद किफायती दरों पर खाने-पीने की चीजें मिलेंगी। इस कैफे की सबसे खास बात इसकी कम कीमत है। यहां यात्रियों को ₹10 में चाय और पानी की बोतल मिलेगी, जबकि कॉफी, समोसा और दूसरे स्नैक्स करीब ₹20 में उपलब्ध होंगे। एयरपोर्ट पर आमतौर पर महंगे खाने-पीने को लेकर शिकायतें रहती हैं, ऐसे में यह पहल यात्रियों को काफी राहत देने वाली मानी जा रही है।
आम यात्रियों को ध्यान में रखकर शुरू हुई सुविधा
सरकार का कहना है कि उड़ान यात्री कैफे का मकसद हवाई यात्रा को आम लोगों के लिए ज्यादा सुविधाजनक और किफायती बनाना है। खासकर टियर-2 और टियर-3 शहरों से सफर करने वाले यात्रियों को ध्यान में रखते हुए यह पहल की जा रही है। उड़ान यात्री कैफे के साथ-साथ रांची एयरपोर्ट पर यात्रियों के लिए कई और सुविधाएं भी शुरू की गई हैं। इसमें फ्लायब्ररी, बच्चों के लिए किड्स जोन और AVSAR काउंटर जैसी सुविधाएं शामिल हैं। फ्लायब्ररी में लोग फ्लाइट का इंतजार करते हुए किताबें पढ़ सकेंगे, जबकि किड्स जोन में बच्चों के खेलने की व्यवस्था की गई है। एयरपोर्ट आने वाले यात्रियों का कहना है कि अब रांची एयरपोर्ट पहले से ज्यादा “पैसेंजर फ्रेंडली” लग रहा है। खासकर कम कीमत में मिलने वाला खाना और परिवारों के लिए शुरू की गई सुविधाएं लोगों को काफी पसंद आ रही हैं।
AAlso Read : विदेश भेजने का सपना दिखाकर ठगी, सारथी योजना से जुड़े सेंटर पर गंभीर आरोप


