Ranchi : झारखंड सरकार ने राज्य के कर्मचारियों, पेंशनभोगियों और उनके आश्रितों के लिए बड़ी स्वास्थ्य सुविधा शुरू की है। राजधानी रांची के नामकुम स्थित आरसीएच परिसर में आयोजित कार्यक्रम में झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी (JASAS) और टाटा AIG जनरल इंश्योरेंस के बीच स्वास्थ्य बीमा योजना को लेकर एमओयू साइन किया गया। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी और अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
5 से 10 लाख तक मिलेगा इलाज, बिना वेटिंग पीरियड सुविधा
इस योजना के तहत सामान्य बीमारी के लिए 5 लाख रुपए तक और गंभीर बीमारी के लिए 10 लाख रुपए तक कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। खास बात यह है कि योजना लागू होते ही लाभ मिलना शुरू हो जाएगा, यानी कोई वेटिंग पीरियड नहीं रखा गया है। पुरानी बीमारियां भी इसमें शामिल होंगी और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त खर्च का भुगतान सोसाइटी के कॉर्पस फंड से किया जाएगा।
कर्मचारी, पेंशनर से लेकर वकीलों तक को लाभ
योजना का दायरा काफी बड़ा रखा गया है। इसमें राज्य सरकार के कर्मचारी, पेंशनभोगी, वर्तमान और पूर्व विधायक, सरकारी संस्थानों के कर्मी, विश्वविद्यालय के शिक्षक-कर्मचारी और अधिवक्ता भी शामिल हैं। इससे लाखों लोगों को सीधा फायदा मिलेगा।
देशभर के 400 से ज्यादा अस्पतालों में कैशलेस इलाज
इस योजना के तहत देश के 200 से अधिक शहरों के 400 से ज्यादा अस्पतालों में कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। इसमें CMC वेल्लोर, मेदांता और अपोलो अस्पताल जैसे बड़े अस्पताल शामिल हैं।
ऑनलाइन पोर्टल से मिलेगी सुविधा
कर्मचारियों की सुविधा के लिए sehis.jharkhand.gov.in पोर्टल लॉन्च किया गया है, जहां वे अपनी जानकारी, आवेदन और क्लेम की स्थिति ऑनलाइन देख सकेंगे।
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने इसे ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि झारखंड देश का पहला राज्य बन गया है, जहां इस तरह की व्यापक स्वास्थ्य बीमा योजना लागू की गई है। इससे कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलेगी और बेहतर इलाज की सुविधा सुनिश्चित होगी।
Also Read : भू-धंसान और गैस रिसाव से परेशान लोग सड़क पर, रणधीर वर्मा चौक पर सत्याग्रह


