Ranchi : रांची में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की सख्ती के बावजूद तस्करी के मामले सामने आ रहे हैं। ताजा मामला तमाड़ थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने जंगल में छिपाकर रखे गए भारी मात्रा में अफीम-डोडा बरामद किया है। तमाड़ के रुगड़ी मोड़ के पास कदमडीह इलाके में पहाड़ी की तलहटी और जंगल में 21 बोरे में रखा गया डोडा पुलिस ने जब्त किया। बरामद माल का वजन करीब 700 किलो यानी 7 क्विंटल बताया जा रहा है, जिसकी बाजार कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
बुंडू डीएसपी ओम प्रकाश ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि जंगल में बड़े पैमाने पर डोडा छिपाकर रखा गया है। इसके बाद विशेष टीम बनाकर डीएसपी के नेतृत्व में छापेमारी की गई। टीम ने गड्ढे में छिपाकर रखे गए डोडा को बरामद कर लिया। पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही तस्कर घने जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। फिलहाल पुलिस उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि इस इलाके में बंगाल समेत अन्य राज्यों से अफीम और डोडा की तस्करी की जा रही है। मामले में किसी संगठित गिरोह के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने कहा है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा और इसमें शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।
Also Read : नारी शक्ति वंदन एक्ट पर बाबूलाल मरांडी का हमला, विधानसभा सत्र बुलाने की मांग


