Khunti : खूंटी जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुरहू थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक संदिग्ध वाहन से भारी मात्रा में डोडा बरामद किया है। हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर मौके से फरार हो गए। पुलिस अब उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। जानकारी के अनुसार बीते 6 मई को खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग एक छोटे चारपहिया वाहन में डोडा लोड कर बंदगांव से सेमरूकी की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और मुरहू थाना क्षेत्र के चर टोली मैदान के पास नाकेबंदी कर दी गई।
पुलिस को देखते ही भागने लगा चालक
नाकेबंदी के दौरान जैसे ही संदिग्ध वैगनआर वहां पहुंची, पुलिस को देखकर चालक वाहन लेकर तेजी से भागने लगा। पीछा करने पर उसने गाड़ी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरहू की ओर मोड़ दिया और फिर बागी गांव रोड की तरफ भागने की कोशिश की। पुलिस टीम लगातार पीछा करती रही, लेकिन जब तक जवान मौके पर पहुंचे, तब तक वाहन सवार आरोपी गाड़ी छोड़कर पास के जंगल में भाग चुके थे। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया, लेकिन किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
वाहन से मिली 131.8 किलो डोडा
पुलिस ने जब छोड़े गए वाहन की तलाशी ली तो उसमें रखी 7 प्लास्टिक बोरियों से कुल 131.8 किलोग्राम डोडा बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये है। बरामद वाहन झारखंड नंबर प्लेट वाली वैगनआर (JH-01AC-3001) है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और उसके मालिक व तस्करी नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज
इस मामले में मुरहू थाना कांड संख्या 40/26, दिनांक 7 मई 2026 के तहत NDPS Act 1985 की धारा 15(C), 22 और 25 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।
एसडीपीओ के नेतृत्व में चला अभियान
पूरी कार्रवाई एसडीपीओ वरुण रजक के नेतृत्व में की गई। अभियान में पुलिस निरीक्षक फ्रांसिस जेवियर बाड़ा, मुरहू थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। खूंटी पुलिस ने साफ कहा है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।


