Jamshedpur : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र में पुलिस ने समय रहते बड़ी आपराधिक घटना को टाल दिया। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन अपराधियों को हथियार और जिंदा गोली के साथ गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि ये सभी अपराधी एक व्यापारी के घर में डकैती और हत्या की योजना बना रहे थे। यह कार्रवाई बुधवार 8 अप्रैल की सुबह करीब 6 बजे की गई, जब पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में एक जगह जुटे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर तीन अपराधियों को पकड़ लिया।
तीन अपराधी गिरफ्तार, हथियार बरामद
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान रोशन सिंह उर्फ पाका, रोशन कुमार उर्फ गोलू बंगाली और आजाद पाल उर्फ बॉबी के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान इनके पास से एक पिस्टल और तीन जिंदा गोली बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, तीनों का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है और ये कई मामलों में शामिल रह चुके हैं।
छह आरोपी फरार, पुलिस कर रही तलाश
छापेमारी के दौरान गिरोह के छह अन्य सदस्य मौके से फरार हो गए। फरार आरोपियों में शिवनारायण रजक, कौशल श्रीवास्तव, सौरभ सिंह, करण सिंह, अनूप बंगाली और राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा शामिल हैं। पुलिस इनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
व्यापारी की हत्या और डकैती की थी साजिश
पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी गोविंदपुर इलाके के एक व्यापारी को निशाना बनाने की योजना बना रहे थे। योजना के तहत पहले व्यापारी की हत्या करनी थी और फिर उसके घर में डकैती डालनी थी। इसके लिए सभी अपराधी एक जगह बैठकर पूरी साजिश को अंतिम रूप दे रहे थे।
पूछताछ में खुल सकते हैं और राज
गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान गिरोह के नेटवर्क और अन्य आपराधिक योजनाओं का भी खुलासा हो सकता है। साथ ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में भी मदद मिल सकती है।
Also Read : असम चुनाव से पहले देवघर पहुंचे सीएम हिमंता, बाबा बैद्यनाथ धाम में टेका माथा


