Jamshedpur : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना पुलिस ने जिले में नशे के धंधेबाजों को तगड़ा झटका दिया है। पुलिस ने मानगो बस स्टैंड के पास बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को भारी मात्रा में गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्करों में विश्वजीत विश्वास और मो. ताबिज शामिल है। विश्वजीत विश्वास पश्चिम बंगाल के नदिया जिले का रहने वाला है। उसके पास से पुलिस ने 17 किलो गांजा, 5 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। वहीं, मो. ताबिज बिहार के नवादा का रहने वाला है। उसके पास से 9 किलो गांजा, 1800 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। दोनों के पास से कुल करीब 26 किलो गांजा, 6800 रुपये कैश और मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया। इस बाता का खुलासा डीएसपी भोला प्रसाद ने किया है।
डीएसपी भोला प्रसाद ने मीडिया को बताया कि इंफॉर्मेशन मिली थी कि मानगो बस स्टैंड के गेट नंबर-5 के पास शौचालय के नजदीक दो युवक गांजा लेकर खड़े हैं। उसे बिहार व पश्चिम बंगाल भेजने की तैयारी में हैं। जानकारी मिलने पर एसएसपी पीयूष पांडेय के निर्देश पर सीतारामडेरा थाना की विशेष टीम बनाई गयी। गठित टीम ने बताये गये लोकेशन पर छापा मारी और दोनों को धर दबोचा।
डीएसपी भोला प्रसाद और सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह पता चला है कि दोनों आरोपी ओडिशा से गांजा खरीदकर बिहार और पश्चिम बंगाल में सप्लाई करने की फिराक में थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इस अवैध तस्करी गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त जांच टीम गठित की गई है।
Also Read : एसपी अमन कुमार ने महिला थाना और हरिहरपुर ओपी का लिया जायजा, लंबित मामलों को तुरंत निपटाने का निर्देश


