Deoghar : देवघर जिले के पालाजोरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में गुलाम रब्बानी, बजरंगी मंडल, मनीष मंडल, ब्रह्मदेव दास, अरबाज अंसारी, ताजुद्दीन अंसारी, मनवर अंसारी, असलम अंसारी, विनोद मिर्धा, उपेंद्र मेहरा और विक्रम रजक शामिल हैं।
सुनसान जगह बैठकर चलाते थे ठगी का नेटवर्क
पुलिस के अनुसार सभी आरोपी सुनसान इलाके में बैठकर लोगों को फोन करते थे। वे खुद को फ्लिपकार्ट, अमेजॉन या एयरटेल पेमेंट बैंक का कर्मचारी बताकर लोगों को झांसे में लेते थे। इसके बाद लोगों के मोबाइल पर ओटीपी भेजकर उनसे जानकारी हासिल कर लेते थे और उनके बैंक खातों से पैसे निकाल लेते थे।
19 से 30 साल के युवा शामिल
साइबर डीएसपी ने बताया कि पकड़े गए सभी आरोपियों की उम्र 19 से 30 साल के बीच है। इनमें उपेंद्र मेहरा और ब्रह्मदेव दास पहले से ही साइबर अपराध के मामलों में शामिल रहे हैं और कई बार जेल भी जा चुके हैं। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में एक गिरोह सक्रिय है, जो बड़े पैमाने पर साइबर ठगी कर रहा है। सूचना मिलते ही टीम ने छापेमारी की और मौके से सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
लगातार कार्रवाई के बावजूद नहीं थम रहा साइबर अपराध
पुलिस के अनुसार पिछले कुछ महीनों में देवघर जिले से करीब 100 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद साइबर ठगी की घटनाएं पूरी तरह से थम नहीं रही हैं। पुलिस लगातार ऐसे गिरोहों पर कार्रवाई कर रही है।
लोगों से अपील : OTP किसी से शेयर न करें
साइबर डीएसपी राजा कुमार मित्रा ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी या बैंक से जुड़ी जानकारी साझा न करें। अगर कोई संदिग्ध कॉल या मैसेज आता है, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।
Also Read : रांची सिविल कोर्ट का समय बदला, लंच ब्रेक टाइमिंग में भी बदलाव, 13 अप्रैल से होगा लागू

