Ranchi : रांची रेल मंडल के रांची-लोहरदगा-टोरी रेलखंड पर नगजुआ और लोहरदगा स्टेशन के बीच कोयल नदी पर बने पुल संख्या 115 में मरम्मत कार्य चल रहा है। इसी वजह से 24 मार्च से 31 मार्च तक कई ट्रेनों के रूट में बदलाव किया गया है, जबकि कुछ होली स्पेशल ट्रेनें रद्द भी कर दी गई हैं।
राजधानी एक्सप्रेस के रूट में बदलाव
मरम्मत कार्य का असर राजधानी ट्रेनों पर भी पड़ा है। 20408 नई दिल्ली–रांची राजधानी एक्सप्रेस 25 मार्च को अपने निर्धारित टोरी–लोहरदगा–रांची मार्ग के बजाय टोरी–बरकाकाना–मेसरा–टाटीसिलवे होकर चलेगी। वहीं 20407 रांची–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस 26 मार्च को रांची–लोहरदगा–टोरी के स्थान पर टाटीसिलवे–मेसरा–बरकाकाना मार्ग से संचालित होगी। इसके अलावा 12454 नई दिल्ली–रांची राजधानी एक्सप्रेस 28 मार्च को और 12453 रांची–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस 29 मार्च को अपने तय मार्ग के बजाय परिवर्तित रूट से चलाई जाएंगी।
इन एक्सप्रेस ट्रेनों का भी बदला रास्ता
मरम्मत कार्य का असर अन्य एक्सप्रेस ट्रेनों पर भी देखने को मिलेगा। 18632 चोपन–रांची एक्सप्रेस 26, 28 और 30 मार्च को परिवर्तित मार्ग से चलेगी, जबकि 18631 रांची–चोपन एक्सप्रेस 25, 27 और 29 मार्च को बदले रूट से संचालित होगी। वहीं 18636 सासाराम–रांची एक्सप्रेस 24 से 31 मार्च तक लगातार डायवर्ट रूट पर चलेगी और 18635 रांची–सासाराम एक्सप्रेस भी इसी अवधि में अपने निर्धारित मार्ग के बजाय परिवर्तित रास्ते से चलेगी।
अजमेर–सांतरागाछी ट्रेन भी प्रभावित
अजमेर-सांतरागाछी रूट की ट्रेनों पर भी इस बदलाव का असर पड़ा है। 08612 अजमेर-सांतरागाछी एक्सप्रेस 26 मार्च को अपने निर्धारित टोरी-लोहरदगा-रांची-मुरी मार्ग के बजाय टोरी–बरकाकाना-मुरी होकर चलेगी, जबकि 08611 सांतरागाछी-अजमेर एक्सप्रेस 30 मार्च को मुरी-रांची-लोहरदगा-टोरी के स्थान पर मुरी-बरकाकाना-टोरी रूट से संचालित होगी।
तीन जोड़ी होली स्पेशल ट्रेनें रद्द
चक्रधरपुर मंडल ने होली के मौके पर चलने वाली तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनों को रद्द कर दिया है, जिससे यात्रियों को परेशानी हो सकती है। रद्द ट्रेनों में 08183 टाटा-बक्सर होली स्पेशल (24 व 31 मार्च), 08184 बक्सर–टाटा होली स्पेशल (25 मार्च व 1 अप्रैल), 08181 टाटा-कटिहार स्पेशल (30 मार्च) और 08182 कटिहार-टाटा स्पेशल (31 मार्च) शामिल हैं। इसके अलावा 08109 सांतरागाछी-डिब्रूगढ़ और 08110 डिब्रूगढ़-सांतरागाछी के 24 और 31 मार्च के फेरे भी रद्द कर दिए गए हैं।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि सफर से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें। रूट बदलने और ट्रेनों के रद्द होने की वजह से यात्रा समय में बदलाव हो सकता है।
Also Read : रामनवमी जुलूस के लिए रांची तैयार, 26-28 मार्च तक बदलेगा पूरा ट्रैफिक रूट

