Jamshedpur : झारखंड के चक्रधरपुर रेल मंडल में बड़ा रेल हादसा हो गया। मुर्गामहादेव रोड स्टेशन के पास कोयले से लदी मालगाड़ी के दो डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए। घटना करीब दोपहर 12 बजे की है। हादसे के बाद देवझर–बांसपानी रेलखंड की अप और डाउन दोनों लाइन पूरी तरह जाम हो गईं, जिससे कई ट्रेनों की आवाजाही ठप हो गई।
वंदे भारत समेत कई ट्रेनें बीच रास्ते में फंसी
हादसे का असर कई महत्वपूर्ण ट्रेनों पर पड़ा। खुर्दा रोड–टाटा वंदे भारत एक्सप्रेस को बांसपानी स्टेशन पर ही रोकना पड़ा। वहीं पुरी–बड़बिल इंटरसिटी ट्रेन बीच रास्ते में फंसी रही। विशाखापट्टनम एक्सप्रेस को टाटानगर स्टेशन पर ही रोक दिया गया। तेज गर्मी में फंसे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
टाटा–गुवा ट्रेन रद्द, कई ट्रेनों का रूट प्रभावित
मालगाड़ी के बेपटरी होने के बाद टाटा–गुवा मेमू ट्रेन (68003/68004) को पूरी तरह रद्द कर दिया गया। इसके अलावा कई ट्रेनों को बीच रास्ते से ही लौटा दिया गया या उनके रूट में बदलाव करना पड़ा।
कई ट्रेनें शॉर्ट टर्मिनेट, कुछ सेवाएं आंशिक रद्द
- 18416 पुरी–बड़बिल एक्सप्रेस को जरुली में ही यात्रा समाप्त करनी पड़ी
- 18415 बड़बिल–पुरी एक्सप्रेस देवझर में ही रोक दी गई
- 12021 हावड़ा–बड़बिल जनशताब्दी को टाटानगर में शॉर्ट टर्मिनेट किया गया
- 12022 बड़बिल–हावड़ा एक्सप्रेस टाटा से ही वापस भेज दी गई
- 20892 पुरी–टाटा वंदे भारत को बांसपानी में ही रोक दिया गया
- 20891 टाटा–ब्रह्मपुर ट्रेन को रीशेड्यूल कर शाम 8:20 बजे किया गया
राहत कार्य तेज, भारी क्रेन और एक्सीडेंट ट्रेन पहुंची
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन अलर्ट हो गया। चक्रधरपुर से 140 टन की भारी क्रेन और डांगुवापोसी से एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन को तुरंत मौके पर भेजा गया। चूंकि मालगाड़ी कोयले से लदी हुई है, इसलिए बेपटरी डिब्बों को वापस पटरी पर लाने में काफी दिक्कत हो रही है। राहत और मरम्मत का काम युद्धस्तर पर जारी है।
सबसे व्यस्त रूट पर पड़ा असर
देवझर–बांसपानी रेलखंड इस क्षेत्र का सबसे व्यस्त मालवाहक रूट माना जाता है, जहां से बड़ी संख्या में लौह-अयस्क और कोयले की ढुलाई होती है। ऐसे में इस लाइन के बाधित होने से रेलवे के माल लदान पर भी असर पड़ने की संभावना है।
यात्रियों के लिए जरूरी सलाह
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि सफर से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें। इस रूट पर फिलहाल स्थिति सामान्य होने में समय लग सकता है।
Also Read : रांची रेल मंडल में बड़ा बदलाव, 31 मार्च तक कई ट्रेनों का रूट बदला

