Ranchi : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) से अनुशंसित 329 सहायक आचार्यों को जल्द ही नियुक्ति पत्र मिलने जा रहा है। संभावना है कि मई के पहले सप्ताह में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित कर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इन अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री को मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का अनुरोध किया है। सीएम की स्वीकृति मिलते ही कार्यक्रम की तिथि की आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी।
दिसंबर 2025 में हुई थी अनुशंसा
फिलहाल जिन 329 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया जाएगा, उनकी अनुशंसा आयोग ने दिसंबर 2025 में की थी। इन सभी की जिला स्तर पर काउंसिलिंग पूरी हो चुकी है और उनके सभी प्रमाणपत्रों की जांच में उन्हें वैध पाया गया है। विभाग को आयोग से करीब एक हजार अन्य अभ्यर्थियों की भी अनुशंसा प्राप्त हुई है। इनकी प्रक्रिया अभी चल रही है। इनके फोल्डर सोमवार को जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय को सौंपे जाएंगे, जिसके बाद जिला स्तर पर काउंसिलिंग होगी।
काउंसिलिंग के बाद होगा अंतिम चयन
जिलों को इसके लिए दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। काउंसिलिंग में दस्तावेजों की जांच के बाद योग्य अभ्यर्थियों को बाद में होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में नियुक्ति पत्र दिया जाएगा। उम्मीद है कि इन्हें मई के अंतिम सप्ताह या जून के पहले सप्ताह में नियुक्ति मिल सकती है। अब तक सहायक आचार्य के कुल 10,213 अभ्यर्थियों की नियुक्ति हो चुकी है और वे विभिन्न स्कूलों में पढ़ाई का कार्य कर रहे हैं। आयोग ने कुल 11,300 अभ्यर्थियों की अनुशंसा की थी, जिनमें से अधिकांश की नियुक्ति पूरी हो चुकी है। झारखंड प्रारंभिक विद्यालय प्रशिक्षित सहायक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2023 के तहत कुल 26,001 पदों पर नियुक्ति होनी थी, लेकिन पर्याप्त योग्य अभ्यर्थी नहीं मिलने के कारण कई पद अभी भी रिक्त रह गए हैं, खासकर पारा शिक्षक श्रेणी में।
Also Read : सरायकेला में हाथी हमले के बाद वन विभाग एक्टिव, मशाल-पटाखों के साथ रातभर ऑपरेशन


