Koderma : हजारीबाग एसीबी की टीम ने कोडरमा जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के एक कर्मी को 5 हजार रुपये की घूस लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार कर्मी का नाम सुनील कुमार है, जो झुमरीतिलैया स्थित विद्युत कार्यालय में लाइनमैन के पद पर कार्यरत है। गिरफ्तारी के बाद उसे हजारीबाग ले जाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। शिकायतकर्ता राजू यादव, जो डोमचांच के सपही गांव के रहने वाले हैं, ने बताया कि उनका नीरू पहाड़ी के पास एक ऐश ब्रिक्स प्लांट था। इसके लिए उन्होंने कुछ साल पहले कॉमर्शियल बिजली कनेक्शन लिया था। बाद में उन्होंने प्लांट बंद कर दिया और बिजली कनेक्शन कटवाने के साथ सिक्योरिटी मनी वापस लेने के लिए झुमरीतिलैया बिजली कार्यालय के कई चक्कर लगाए।
15 हजार की मांग, 5 हजार पर मामला फंसा
शिकायत के मुताबिक, इस दौरान उनकी मुलाकात लाइनमैन सुनील कुमार से हुई। आरोप है कि सुनील ने कनेक्शन बंद करने और सिक्योरिटी मनी दिलाने के बदले 15 हजार रुपये की मांग की थी। लेकिन बाद में सौदा 5 हजार रुपये पर तय हुआ। पीड़ित ने इसकी शिकायत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB), हजारीबाग में कर दी। शिकायत की जांच के बाद एसीबी टीम ने जाल बिछाया। गुरुवार को जैसे ही सुनील कुमार ने बिजली कार्यालय के पास 5 हजार रुपये लिए, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
Also Read : झारखंड के प्राथमिक शिक्षकों को बड़ी राहत, अब मिलेगा ₹16,290 न्यूनतम वेतन


