Dhanbad : झारखंड के धनबाद जिले के पुटकी थाना क्षेत्र स्थित गोपालिचक में बीसीसीएल की सिंह नेचुरल आउटसोर्सिंग कंपनी की माइंस में बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में सीनियर सुपरवाइजर रामस्वरूप चौहान की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक रामस्वरूप चौहान गोधर इलाके के रहने वाले थे। परिजनों के मुताबिक, वे रोज की तरह सुबह ड्यूटी के लिए घर से निकले थे। कुछ देर बाद कंपनी की ओर से सूचना दी गई कि उन्हें अस्पताल ले जाया गया है, लेकिन जब परिजन पहुंचे तो उन्हें शव सौंप दिया गया।
भारी वाहन ने कुचला, मौके पर मौत
जानकारी के अनुसार, माइंस के अंदर ड्यूटी के दौरान एक वोल्वो भारी वाहन ने रामस्वरूप चौहान को कुचल दिया। बताया जा रहा है कि वाहन उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने आउटसोर्सिंग कंपनी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि माइंस में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है और धूल के गुबार के कारण दृश्यता बेहद कम रहती है, जिससे हादसों का खतरा बढ़ जाता है।
कंपनी और पुलिस की प्रतिक्रिया
कंपनी इंचार्ज श्री राम पांडेय ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पूरे मामले की जांच की जाएगी। वहीं पुटकी थाना प्रभारी वकार हुसैन ने बताया कि हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे हादसे आए दिन होते हैं, लेकिन सिर्फ मुआवजा देकर मामले को खत्म कर दिया जाता है और जिम्मेदारों पर कोई कार्रवाई नहीं होती।
Also Read : धनबाद में तीन नाबालिग लड़कियों हैवानियत की कोशिश नाकाम, बेटियों की हिम्मत से भागे दरिंदे


