Ranchi : रामनवमी के पावन अवसर पर केंद्रीय युवा महावीर मंडल की ओर से इस वर्ष भी भव्य आयोजन की तैयारी पूरी कर ली गई है। मंडल के अध्यक्ष नंद किशोर सिंह चंदेल ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी लाखों की संख्या में आने वाले श्रीराम भक्तों का मेन रोड स्थित मंच से भव्य स्वागत किया जाएगा।
उन्होंने जानकारी दी कि अष्टमी (26 मार्च 2026, गुरुवार) और महानवमी (27 मार्च 2026, शुक्रवार) के दिन श्रद्धालुओं को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही भक्तों के बीच मिनरल वाटर, बिस्कुट, टॉफी, चिप्स और जूस का वितरण किया जाएगा। शोभा यात्रा के दौरान तलवार, फूलों की माला और फूलों की वर्षा से भक्तों का उत्साह बढ़ाया जाएगा।
अष्टमी की रात आने वाली झांकियों के बीच आकर्षक प्रतियोगिता भी आयोजित होगी। इसमें बंपर पुरस्कार के साथ प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार सहित कई अन्य पुरस्कार दिए जाएंगे। मंडल द्वारा हर साल सबसे बड़े स्तर पर पुरस्कार वितरण किया जाता है। इस वर्ष विजेताओं को 5 फीट और 4.5 फीट की ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा, ताकि झांकी प्रस्तुत करने वाली पूजा समितियों का मनोबल बढ़े और वे हर साल बेहतर प्रस्तुति दें।
मंडल के मंच का उद्घाटन अष्टमी के दिन शाम 6 बजे किया जाएगा। उद्घाटन समारोह के बाद मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि और अन्य अतिथियों का स्वागत अंग वस्त्र और मोमेंटो देकर किया जाएगा।
अंत में मंडल की ओर से रामनवमी की शोभा यात्रा देखने आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे अपने साथ आए बच्चों का विशेष ध्यान रखें, ताकि पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके।
Also Read : झारखंड में अब 26 नहीं, 27 मार्च को होगी रामनवमी की छुट्टी, अधिसूचना जारी

