लव जिहाद मामला : रांची पुलिस पहुंची मुंबई, जांच में जुटी, मॉडल का दर्ज करेगी बयान

रांची। लव जिहाद और यौन उत्पीड़न मामले की जांच को लेकर रांची पुलिस की एक टीम मुंबई पहुंच चुकी है। मुंबई की रहने वाली एक मॉडल ने रांची स्थित यश मॉडलिंग के संचालक तनवीर अख्तर खान पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। लगाए गए आरोपों की जांच और मॉडल का बयान दर्ज करने के लिए रांची पुलिस की टीम मुंबई पहुंची है।

गौरतलब है कि रांची के कांके रोड स्थित यश मॉडलिंग के संचालक तनवीर अख्तर खान पर धर्म परिवर्तन कराने और जबरन शादी का दबाव देने के मामले में बुधवार को रांची के गोंदा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मुंबई के वर्सोवा थाने में दर्ज जीरो एफआईआर के आधार पर रांची में एफआईआर दर्ज की गई। जिसके बाद गोंदा पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए गोंदा पुलिस की एक टीम मुंबई पहुंच चुकी है ताकि मुंबई की मॉडल का बयान दर्ज किया जा सके. अपने एफआईआर में महिला मॉडल ने यह भी जिक्र किया है कि उसके पास कई ऐसे सबूत हैं जो उलनवीर के खिलाफ हैं, उन सारे सबूतों को भी रांची पुलिस इकट्ठा करेगी ताकि जांच में और सहयोग मिल सके।

दर्ज प्राथमिकी में मुंबई की महिला मॉडल ने तनवीर पर अश्लील फोटो को वायरल करने की धमकी देकर शारीरिक संबंध बनाने और मारपीट करने का भी आरोप लगाया है। दर्ज प्राथमिकी में युवती ने आरोप लगाया है कि तनवीर उससे प्रेम करने लगा था। वह उससे शादी करना चाह रहा था. इसके लिए वह उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव देने लगा। जिस कारण वह भाग कर मुंबई चली गई। लेकिन इसके बाद भी वह उसे प्रताड़ित कर रहा था।

युवती ने प्राथमिकी में यह भी आरोप लगाया है कि यश मॉडल के हॉस्टल में 29 मार्च 2021 को वह ग्राउंड फ्लोर में अपनी दोस्तों के साथ होली खेल रही थी, उस दौरान तनवीर भी मौजूद था। उस दिन तनवीर ने उसे कोल्ड ड्रिंक में कुछ मिला कर पिला दिया. जिससे वह अचेत हो गई। उस दिन तनवीर ने बेहोशी के हाल में उसकी कई आपत्तिजनक फोटो उतार ली और उसे लेकर ब्लैकमेल करने लगा। 14 जुलाई 2021 को जब ऑफिस के सभी स्टाफ घर चले गए थे, तब तनवीर ने उससे शारीरिक संबंध बनाने की मांग की. इनकार करने पर उसने होली के दिन लिया हुआ अश्लील फोटो उसे दिखाया और ऑफिस में वह उसके विरोध के बाद भी उसके साथ दुष्कर्म किया।