LIVE : राम मंदिर भूमि पूजन, थोड़ी देर में अयोध्या पहुंचेंगे पीएम मोदी, पारंपरिक परिधान में नजर आए

Joharlive Desk

नई दिल्ली। 492 वर्षों की लंबी प्रतीक्षा आज खत्म हो रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अयोध्या में आज 12 बजकर 15 मिनट और 15 सेकंड पर राम मंदिर का भूमिपूजन करेंगे। खास बात यह है कि भगवान श्रीराम ने अभिजित मुहूर्त में जन्म लिया था और उसी मुहूर्त में आज मंदिर के लिए भूमिपूजन होने जा रहा है। राज्यपाल आनंदी बेन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, संघ प्रमुख भागवत समेत कई विशिष्ट हस्तियां इसकी साक्षी बनेंगी। पीएम मोदी दिल्ली से विशेष विमान से लखनऊ के लिए रवाना हो गए हैं। यहां से हेलीकॉप्टर से अयोध्या के लिए जाएंगे। 

  • भूमि पूजन के मौक़े पर पूरे देश को बधाई: केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी आज ट्वीट किया और लिखा कि- भूमि पूजन के मौक़े पर पूरे देश को बधाई भगवान राम का आशीर्वाद हम पर बना रहे। उनके आशीर्वाद से हमारे देश को भुखमरी, अशिक्षा और ग़रीबी से मुक्ति मिले और भारत दुनिया का सबसे शक्तिशाली राष्ट्र बने। आने वाले समय में भारत दुनिया को दिशा दे। जय श्री राम! जय बजरंग बली!

  • बाबरी मस्जिद थी और रहेगी इंशाअल्लाह: ओवैसी

वहीं, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष और हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी का कहना है कि बाबरी मस्जिद थी और रहेगी।
ओवैसी ने बुधवार सुबह ट्वीट कर कहा, ‘बाबरी मस्जिद थी और रहेगी। इंशाअल्लाह।’ अपने ट्वीट के साथ उन्होंने बाबरी मस्जिद और बाबरी मस्जिद विध्वंस की एक-एक तस्वीर साझा की है। बता दें कि नौ नवंबर, 2019 को उच्चतम न्यायालय ने विवादित भूमि को लेकर फैसला सुनाया था। अपने फैसले में अदालत ने विवादित जमीन को राम लला को सौंप दिया था। साथ ही सरकार को मस्जिद बनाने के लिए अयोध्या में पांच एकड़ जमीन देने का आदेश दिया था।

  • 11:30 बजे अयोध्या पहुंचेंगे पीएम मोदी

11:30 बजे अयोध्या साकेत कॉलेज के हेलिपैड पर लैंडिंग।
11:40 बजे हनुमान गढ़ी पहुंचकर 10 मिनट दर्शन-पूजन।
12 बजे राम जन्मभूमि परिसर पहुंचेंगे। 10 मिनट में रामलला विराजमान का दर्शन-पूजन। रामलला परिसर में पारिजात का पौधारोपण। भूमिपूजन, राम मंदिर की आधारशिला की स्थापना।
1.10 बजे महंत नृत्यगोपाल दास सहित ट्रस्ट कमेटी से करेंगे भेंट।
2:05 बजे साकेत कॉलेज हेलिपैड के लिए प्रस्थान।
2:20 बजे लखनऊ के लिए उड़ेगा हेलिकॉप्टर।

  • पीएम मोदी अयोध्या के लिए रवाना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली से अयोध्या के लिए विशेष विमान से रवाना हो गए हैं। 10:35 पर पीएम मोदी के विशेष विमान की लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंडिंग होगी। इसके बाद 10:40 बजे हेलिकॉप्टर से अयोध्या के लिए निकलेंगे।