लातेहार : झारखंड पुलिस को एक बार फिर मिली बड़ी सफलता, बुलबुल जंगल से भागा 5 लाख का इनामी सब जोनल कमांडर बालक गंझू गिरफ्तार

रांची/लातेहार। झारखंड पुलिस को नक्सलियों के खिलाफ एक बार फिर से बड़ी सफलता हांथ लगी है।लोहरदगा के बुलबुल जंगल में पिछले कई दिनों से चल रहे मुठभेड़ में फरार नक्सलियों की गिरफ्तारी दिन पर दिन बढ़ती ही जा रही है। एक दिन पूर्व बुधवार को सुरक्षाबलों ने 5 लाख के इनामी नक्सली सब जोनल कमांडर सुदर्शन भुंइया को लातेहार से गिरफ्तार किया था। वहीं, आज देर शाम में फिर से झारखंड पुलिस की टीम ने फिर से 5 लाख के इनामी सब जोनल कमांडर बालक गंझू को गिरफ्तार कर लिया है। बालक गंझू की गिरफ्तारी लातेहार से हुई है। झारखंड पुलिस की स्पेशल टीम ने गुप्त सूचना पर बालक गंझू को पकड़ा है।

इधर, झारखंड पुलिस की टीम गिरफ्तार सुदर्शन से पूछताछ में जुटी थी। तभी अचानक शाम में दूसरी बड़ी सफलता हांथ लग गयी। बालक गंझू भी पुलिस के साथ मुठभेड़ के समय जंगल और अंधेरा का फायदा उठाकर भाग निकला था। गिरफ्तार नक्सली पर 5 लाख का ईनाम है। झारखंड पुलिस की टीम ईनामी नक्सली से गुप्त जगह पर पूछताछ में जुटी है। 5 लाख के ईनामी नक्सली के गिरफ्तार होने की पुष्टि एक अधिकारी ने की है। उन्होंने कहा कि पकड़े गए नक्सली के निशानदेही पर बड़ी उपलब्धि मिल सकती है।