Ranchi : रांची में 3 और 4 जनवरी को सेकंड ऑल इंडिया जजेज बैडमिंटन टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। इस टूर्नामेंट के सभी मैच खेलगांव स्थित ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव इंडोर स्टेडियम में खेले जाएंगे। प्रतियोगिता में देश के 9 राज्यों के हाईकोर्ट के जज भाग लेंगे और अपने खेल का प्रदर्शन करेंगे।
इस टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य न्यायपालिका से जुड़े जजों और अधिकारियों के बीच खेल भावना को बढ़ावा देना, आपसी सौहार्द मजबूत करना और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना है। साथ ही यह आयोजन सकारात्मक ऊर्जा और आपसी सहयोग का संदेश भी देगा।
टूर्नामेंट के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। खेलगांव स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बैडमिंटन कोर्ट तैयार किए गए हैं। खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए विश्राम कक्ष, चिकित्सा सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
होटवार क्षेत्र में स्थित यह मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स करीब 240 एकड़ में फैला हुआ है। वर्ष 2011 में 34वें नेशनल गेम्स के लिए लगभग 650 करोड़ रुपये की लागत से यहां 9 स्टेडियम बनाए गए थे। लंबे समय से देखरेख के अभाव में स्टेडियम की स्थिति खराब हो गई थी। हालांकि, जजों के बैडमिंटन टूर्नामेंट के आयोजन को देखते हुए ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव इंडोर स्टेडियम में सुधार किया गया है। यहां बैडमिंटन कोर्ट, कुर्सियां, मैट, पंखे और लाइट की व्यवस्था को नया रूप दिया गया है।


