रांची। जेएसएससी-सीजीएल प्रकरण में एसआईटी जांच में हर दिन नए तथ्य सामने आ रहे है. इस मामले में गिरफ्तार सोमांश प्रकाश और राहुल कुमार को बुधवार न्यायालय के समक्ष पेश किया गया. जिसके बाद न्यायालय के आदेश पर तीन दिन की रिमांड अवधि बढ़ा दी गई है.
एसआईटी की टीम दोनों आरोपियों को पूर्व में रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही थी. बुधवार को रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया. इस दौरान एसआईटी ने न्यायालय के समक्ष रिमांड अवधि बढ़ाने को लेकर आवेदन दिया था. न्यायालय ने एसआईटी के आवेदन पर तीन दिन और रिमांड की अवधि को बढ़ा दिया है. अब फिर से एसआईटी सोमांश और राहुल से पूरे मामले में पूछताछ कर अन्य कई सवालों के जवाब ढूढ़ने का प्रयास करेगी.
मालूम हो कि सीआईडी की एसआईटी ने दोनों आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार किया था. दोनों आरोपी दिल्ली में रहकर अपना कारोबार संभाले थे.
जेएसएससी सीजीएल मामले में पांच दिनों की सीआईडी रिमांड पर लिए गए परीक्षा संचालन से जुड़ी एजेंसी आईसीएन के दोनों कर्मियों सोमांश प्रकाश व राहुल की रिमांड अवधि मुंगलवार को पूरी हुई थी. दोनों ही आरोपियों से सीआईडी की एसआईटी ने लंबी पूछताछ की. इस दौरान उनलोगों ने कई लोगों के नाम का खुलासा भी किया है. इधर, पूरी पूछताछ नहीं होने के कारण सीआईडी ने दो सितंबर को दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर रिमांड अवधि बढ़ाने को लेकर आवेदन दिया था. न्यायालय ने पूरे मामले को देखने के बाद तीन दिन की और रिमांड अवधि बढ़ा दी.

