Davos/Ranchi : सीएम हेमंत सोरेन ने वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) की वार्षिक बैठक के दौरान स्विट्ज़रलैंड के दावोस में आयोजित इंडिया पेवेलियन के उद्घाटन समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर भारत सरकार के वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ-साथ देश के विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
सीएम ने कहा कि झारखंड पहली बार इस प्रतिष्ठित वैश्विक मंच पर अपनी भागीदारी दर्ज करा रहा है, जो राज्य के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि झारखंड प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध राज्य है और यहां खनिज, उद्योग, कृषि के साथ-साथ हरित ऊर्जा के क्षेत्र में भी तेजी से काम हो रहा है।

हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार सतत विकास और पर्यावरण संतुलन को प्राथमिकता देते हुए निवेश के नए अवसर पैदा कर रही है। उन्होंने “विकसित भारत 2047” और “समृद्ध झारखंड 2050” के लक्ष्य को दोहराते हुए विश्वास जताया कि दावोस में वैश्विक नेताओं, विभिन्न देशों और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के साथ हुई चर्चाएं झारखंड के विकास और निवेश को नई दिशा देंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मंच के माध्यम से झारखंड को वैश्विक निवेशकों के सामने अपनी संभावनाएं प्रस्तुत करने का अवसर मिला है। इससे राज्य में रोजगार सृजन, औद्योगिक विकास और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने इंडिया पेवेलियन के उद्घाटन समारोह में शामिल सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया और झारखंड की ओर से सभी को शुभकामनाएं दीं।
Also Read : बिहार बजट सत्र 2 फरवरी से, 3.66 लाख करोड़ रुपए से अधिक का अनुमान


