Ranchi : पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम सहित चार राज्यों एवं एक केंद्र शासित प्रदेश में होने वाले विधानसभा और उपचुनावों के लिए केंद्रीय निर्वाचन आयोग ने झारखंड कैडर के 32 IAS अधिकारियों को चुनाव पर्यवेक्षक (Observer) के रूप में तैनात किया है। आयोग ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे बुधवार तक अपने-अपने आवंटित विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचकर जिम्मेदारी संभाल लें। राज्य सरकार ने भी आयोग के निर्देश के अनुसार इन अधिकारियों को उनके वर्तमान पद से मुक्त कर दिया है, ताकि वे समय पर अपनी ड्यूटी जॉइन कर सकें। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के मुताबिक ये अधिकारी चुनाव प्रक्रिया पूरी होने और परिणाम घोषित होने तक संबंधित क्षेत्रों में तैनात रहेंगे।
झारखंड के प्रमुख अधिकारियों की जिम्मेदारी
झारखंड के कई वरिष्ठ अधिकारियों को पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा और उपचुनावों में निर्वाचन पर्यवेक्षक के रूप में तैनात किया गया है। इनमें उत्पाद विभाग के प्रधान सचिव अमिताभ कौशल, एटीआई निदेशक मनीष रंजन, वन विभाग सचिव अबूबक्कर सिद्दीख पी, खाद्य आपूर्ति सचिव राजेश कुमार शर्मा, कल्याण विभाग सचिव कृपानंद झा, ऊर्जा विभाग के श्रीनिवासन, ग्रामीण विकास सचिव मनोज कुमार, रांची प्रमंडल आयुक्त मनोज कुमार, श्रम सचिव जीतेन्द्र कुमार सिंह, भू-राजस्व सचिव चंद्रशेखर और योजना सचिव मुकेश कुमार शामिल हैं।
अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को भी जिम्मेदारी
इसके अलावा कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को भी चुनाव पर्यवेक्षक बनाया गया है। इनमें वाणिज्य कर सचिव अमित कुमार, पेयजल सचिव अबु इमरान, विशेष सचिव ए दोड्डे, रिम्स के अपर निदेशक वाघमारे प्रसाद कृष्णा, श्रमायुक्त संदीप सिंह, सिविल डिफेंस कमिश्नर घोलप रमेश गोरख, परिवहन आयुक्त संजीव कुमार बेसरा और मनरेगा आयुक्त मृत्युंजय कुमार बरनवाल शामिल हैं। इसके अलावा अन्य अधिकारियों को भी विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में तैनात किया गया है, ताकि चुनाव प्रक्रिया सुरक्षित, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।
Also Read : राजमहल में सांसद विजय हांसदा की कोशिशों से 186 करोड़ की विकास योजनाओं को मिली मंजूरी

