Ranchi : दुबई में फंसे झारखंड के गिरिडीह और हजारीबाग जिलों के मजदूरों को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है। झारखंड सरकार के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने साफ किया है कि सभी मजदूर पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें जल्द भारत वापस लाया जाएगा। मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि मजदूरों के बंधक बनाए जाने की सूचना मिलते ही उन्होंने खुद इस मामले को गंभीरता से लिया और तुरंत कार्रवाई शुरू की। उन्होंने कहा कि मजदूरों की सुरक्षा सरकार की पहली प्राथमिकता है और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा रही है।
डॉ. अंसारी के अनुसार दुबई में मौजूद जाहिद नामक व्यक्ति ने मौके पर जाकर मजदूरों से मुलाकात की और उनकी स्थिति की पूरी जानकारी सरकार तक पहुंचाई। इस पहल के बाद मजदूरों और उनके परिजनों में राहत देखने को मिली। मंत्री ने बताया कि मजदूरों से सीधे बातचीत कराई गई है और उन्हें भरोसा दिया गया है कि जल्द ही वे अपने घर लौट सकेंगे। मंत्री ने यह भी बताया कि कानूनी प्रक्रिया के तहत मजदूरों के पासपोर्ट जमा करने का काम शुरू कर दिया गया है। सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं ताकि वापसी में किसी तरह की परेशानी न हो।।
दुबई में फँसे झारखंड के मजदूर भाई सुरक्षित हैं, जल्द स्वदेश लौटेंगे – डॉ. इरफान अंसारी
दुबई में गिरिडीह और हजारीबाग जिले के जिन हमारे मजदूर भाइयों के बंधक बनाए जाने की सूचना मिली थी, उसे लेकर मैं व्यक्तिगत रूप से बेहद चिंतित था। उनके परिजन लगातार संपर्क कर रहे थे और सिर्फ़ एक ही… pic.twitter.com/KVPxKlkCcn— Dr. Irfan Ansari (@IrfanAnsariMLA) February 4, 2026
डॉ. इरफान अंसारी ने मजदूरों के परिजनों से अपील की कि वे घबराएं नहीं। सरकार हर स्तर पर उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के लगातार संपर्क में रहकर पूरी स्थिति पर नजर रखी जा रही है और एक-दो दिनों के भीतर सभी मजदूरों को सुरक्षित झारखंड वापस लाने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
Also Read : झारखंड–ओडिशा सीमा के गांवों में हाथी का आतंक, दहशत में ग्रामीण


