रांची. जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक के विवादों के बीच झारखंड में रविवार को झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 आयोजित की जा रही है. करीब एक दशक बाद हो रही इस परीक्षा में राज्यभर के 5.65 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने का कार्यक्रम है. परीक्षा को निष्पक्ष और कदाचारमुक्त कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं. अभ्यर्थियों की बड़ी संख्या को देखते हुए यातायात और परिवहन व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है. परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए रेलवे ने स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की है, जबकि धनबाद में सुबह चार बजे से बसों के परिचालन की व्यवस्था की गई है.
राज्य के सभी 24 जिलों में परीक्षा के लिए 986 केंद्र बनाए गए हैं. रांची में 101 केंद्रों पर 65,754 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे, जबकि पूर्वी सिंहभूम में 93 केंद्रों पर 39,060 अभ्यर्थियों के शामिल होने का कार्यक्रम है. धनबाद में भी हजारों अभ्यर्थियों की आवाजाही को देखते हुए परिवहन व्यवस्था को लेकर तैयारी की गई है.
दो पालियों में होगी परीक्षा
जेटेट की पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी. इसमें कक्षा छह से आठ तक के शिक्षक बनने के इच्छुक अभ्यर्थी शामिल होंगे. दूसरी पाली दोपहर दो बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित होगी. इसमें कक्षा एक से पांच तक के शिक्षक बनने के इच्छुक अभ्यर्थी परीक्षा देंगे.
प्रशासन ने अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी है. पहली पाली के लिए सुबह 9 बजे और दूसरी पाली के लिए दोपहर 1:30 बजे तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी. अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र की प्रिंटेड कॉपी और मूल फोटो पहचान पत्र साथ रखना होगा.
अभ्यर्थियों के लिए स्पेशल ट्रेनें, धनबाद में सुबह चार बजे से बसें
परीक्षा में शामिल होने के लिए दूसरे जिलों से आने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे ने रांची-दुमका और रांची-डालटनगंज के बीच परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की है.
रांची-दुमका परीक्षा स्पेशल ट्रेन संख्या 08619 रांची से सुबह नौ बजे रवाना होकर शाम 6:30 बजे दुमका पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन संख्या 08620 दुमका से रात नौ बजे खुलेगी और अगले दिन सुबह 8:30 बजे रांची पहुंचेगी. रास्ते में मुरी, झालदा, कोटशिला, बोकारो, चंद्रपुरा, धनबाद, कुमारधुबी, चित्तरंजन, मधुपुर और देवघर सहित कई स्टेशनों पर ठहराव होगा.
इसी तरह रांची-डालटनगंज के बीच भी परीक्षा स्पेशल ट्रेन संख्या 08604/08603 चलाई जा रही है. रांची से यह ट्रेन शाम सात बजे रवाना होकर रात 11:45 बजे डालटनगंज पहुंचेगी. वापसी में डालटनगंज से रात 12:05 बजे खुलकर सुबह 4:10 बजे रांची पहुंचेगी. इस ट्रेन का ठहराव पिस्का, लोहरदगा, टोरी, लातेहार और बरवाडीह समेत कई स्टेशनों पर होगा.
वहीं, धनबाद में अभ्यर्थियों की आवाजाही के लिए बसों का परिचालन सुबह चार बजे से शुरू करने की व्यवस्था की गई है. बस संचालकों के अनुसार, विभिन्न मार्गों पर 15 से 20 मिनट के अंतराल पर बसें उपलब्ध कराने की तैयारी है. रांची, बोकारो, जमशेदपुर, गिरिडीह और जामताड़ा सहित विभिन्न मार्गों पर बसों का परिचालन किया जाएगा. धनबाद में 108 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां करीब 38 हजार अभ्यर्थियों के शामिल होने का कार्यक्रम है.
हर केंद्र पर सुरक्षा और निगरानी
मुख्य सचिव अविनाश कुमार की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में अधिकारियों को परीक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होने देने का निर्देश दिया गया था. रांची समेत विभिन्न जिलों में मजिस्ट्रेट और पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी से निगरानी, अभ्यर्थियों की जांच और प्रश्नपत्रों की सुरक्षित आवाजाही की व्यवस्था की गई है.
परीक्षा केंद्रों के आसपास निषेधाज्ञा लागू करने के साथ ही मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर रोक है. प्रशासन ने साइबर सेल को सोशल मीडिया पर भी नजर रखने और परीक्षा से जुड़ी अफवाहों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं.
भर्ती परीक्षाओं पर भरोसा बहाल करने की चुनौती
झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता लंबे समय से सवालों के घेरे में रही है. भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और परीक्षाएं रद्द होने के मामलों ने अभ्यर्थियों के बीच अविश्वास पैदा किया है. ऐसे में जेटेट का निष्पक्ष और पारदर्शी आयोजन प्रशासन के लिए अहम है. परीक्षा के दौरान सुरक्षा के साथ-साथ यातायात प्रबंधन और अभ्यर्थियों को समय पर केंद्र तक पहुंचाने की व्यवस्था की भी परीक्षा होगी.
Also Read : झारखंड : JTET परीक्षा 1 नवंबर को, 986 केंद्रों पर 5.65 लाख अभ्यर्थी देंगे परीक्षा


