Deoghar : देवघर स्थित विश्वप्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम में रविवार को झारखंड हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक अपने परिवार के साथ पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की और रुद्राभिषेक किया। पूजा के दौरान उन्होंने देश और राज्य के लोगों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में पूरा माहौल भक्तिमय हो गया और “हर-हर महादेव” के जयकारों से गूंज उठा।
कड़ी सुरक्षा के बीच हुआ कार्यक्रम
चीफ जस्टिस के आगमन को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में रहा और उन्हें सीधे गर्भगृह तक ले जाया गया, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रुद्राभिषेक संपन्न हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी मौजूद रहे, लेकिन सुरक्षा बलों ने भीड़ को व्यवस्थित बनाए रखा। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती से पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
अंग वस्त्र और बाबा की तस्वीर भेंट कर सम्मान
पूजा के बाद एसडीओ सह बाबा मंदिर प्रभारी रवि कुमार ने चीफ जस्टिस को बाबा बैद्यनाथ की तस्वीर और अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। मीडिया से बातचीत में चीफ जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और रुद्राभिषेक से उन्हें आत्मिक शांति का अनुभव हुआ। उन्होंने कहा कि भोलेनाथ की कृपा से सभी के जीवन में सुख और समृद्धि बनी रहे।