Ranchi : झारखंड में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और लू को देखते हुए झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने स्कूलों के समय में बदलाव या कुछ दिनों के लिए अवकाश घोषित करने की मांग की है। इस संबंध में एसोसिएशन ने शिक्षा सचिव को ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई करने की अपील की है।
गर्मी से बच्चों की तबीयत पर असर
एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि राज्य के कई जिलों में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। खासकर स्कूली बच्चों पर इसका सबसे ज्यादा असर पड़ रहा है। भीषण गर्मी के कारण बच्चों में डिहाइड्रेशन, चक्कर आना और थकान जैसी समस्याएं देखी जा रही हैं, जिससे अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है।
स्कूल समय बदलने की मांग
एसोसिएशन ने मांग की है कि सभी स्कूलों का समय बदलकर सुबह 6:30 बजे से 10:30 बजे तक किया जाए, ताकि बच्चे तेज धूप और लू से बच सकें। इसके साथ ही अत्यधिक प्रभावित जिलों में कुछ दिनों के लिए स्कूलों में अवकाश घोषित करने की भी मांग की गई है।
जिला प्रशासन को निर्णय लेने का अधिकार देने की अपील
अजय राय ने कहा कि स्थानीय मौसम और स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन को भी निर्णय लेने का अधिकार दिया जाना चाहिए, ताकि जरूरत के अनुसार तुरंत कदम उठाए जा सकें। उन्होंने कहा कि बच्चों का स्वास्थ्य सबसे महत्वपूर्ण है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
शिक्षा मंत्री और डीसी को भी भेजा गया ज्ञापन
इस मांग से संबंधित ज्ञापन की प्रति राज्य के शिक्षा मंत्री और रांची के उपायुक्त को भी भेजी गई है। एसोसिएशन ने उम्मीद जताई है कि सरकार इस गंभीर स्थिति को देखते हुए जल्द निर्णय लेगी।
अभिभावकों को राहत की उम्मीद
एसोसिएशन का कहना है कि अगर समय पर निर्णय लिया गया तो हजारों अभिभावकों को राहत मिलेगी और बच्चों को भी भीषण गर्मी से बचाया जा सकेगा। अब सभी की नजर सरकार के फैसले पर टिकी हुई है।
Also Read : रांची में बिजली विभाग के आवासों पर अवैध कब्जा, कार्रवाई की तैयारी तेज


