झारखंड सरकार का आदेश, तत्कालीन अंचल सीओ मनोज कुमार पर होगी विभागीय कार्यवाही

रांची। तत्कालीन शहर अंचल सीओ रांची मनोज कुमार पर विभागीय कार्यवाही चलाने का झारखंड सरकार ने आदेश दिया है। उनके उपर लगे आरोपों की जांच के लिए सेवानिवृत आईएएस अधिकारी अरविंद कुमार को जांच संचालन पदाधिकारी के पद पर नियुक्त किया गया है, बिना राजस्व पंजियों, अभिलेखों, परिपत्रों की जांच पड़ताल किए राजस्व कर्मचारी एवं अंचल निरीक्षक की अनुशंसा पर आदिवासी भूमि का हस्तांतरण गैर आदिवासी को करने का आरोप है।

रांची उपायुक्त ने 21 मार्च 2020 को ही उनके उपर सीएनटी एक्ट के प्रावधानों का उल्लंघन का आरोप लगाकर राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग को कार्रवाई की अनुशंसा की थी। जांच में प्रथम दृष्टया आरोप भी प्रमाणित पाया गया। जिसके बाद झारखंड प्रशासनिक सेवा के अधिकारी से स्पष्टीकरण की मांग की गयी थी। पूरे मामले की समीक्षा के बाद उनके उपर विभागीय कार्यवाही चलाने का निर्णय लिया गया है।