Ranchi : झारखंड विधानसभा की छठी सभा का पांचवां सत्र, यानी बजट सत्र, कल यानि 18 फरवरी से शुरू होकर 19 मार्च तक चलेगा। इसे सुचारू रूप से चलाने के लिए बुधवार को विधानसभा अध्यक्ष रवीन्द्र नाथ महतो की अगुवाई में सभी राजनीतिक दलों की बैठक हुई।
CM हेमंत सोरेन समेत कई नेता मौजूद
बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी शामिल हुए। इसके अलावा वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और कई अन्य प्रमुख नेता भी मौजूद रहे। बैठक में सभी दलों के नेताओं ने सत्र के दौरान सदन की कार्यवाही को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से चलाने पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने जताई सहयोग की उम्मीद
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि बजट सत्र की शुरुआत 18 फरवरी से हो रही है और इसके सफल संचालन के लिए सभी दलों का सहयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने सर्वदलीय बैठक को सकारात्मक पहल बताते हुए उम्मीद जताई कि सदन में जनहित से जुड़े मुद्दों पर सार्थक और खुली चर्चा होगी।
विधानसभा अध्यक्ष की अपील
विधानसभा अध्यक्ष रवीन्द्र नाथ महतो ने भी सभी दलों से अपील की कि सदन की गरिमा बनाए रखें और लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप कार्यवाही में सहयोग करें।
बजट सत्र में चर्चा के प्रमुख मुद्दे
सत्र के दौरान राज्य की वित्तीय स्थिति, विकास योजनाओं, योजनाओं के क्रियान्वयन और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। नेताओं का मानना है कि यह सत्र न केवल बजट को पास करने का अवसर होगा, बल्कि जनहित से जुड़े मसलों पर विचार-विमर्श का भी मंच बनेगा।
Also Read : सुप्रीम कोर्ट से फ्री हैंड मिलते ही CBI का एक्शन तेज, झारखंड खनन केस में अफसरों पर कसा शिकंजा

