जोहार लाइव ब्यूरो
बॉलीवुड के मशहूर गीतकार और लेखक जावेद अख्तर एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं. इस बार उन्होंने भगवान राम को लेकर अपनी राय रखी है, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया है. जावेद अख्तर का कहना है कि भगवान राम केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि अच्छे विचार, नैतिकता और जीवन जीने का तरीका हैं. उनके मुताबिक, भारत में रहने वाले हर इंसान के भीतर राम का भाव मौजूद है, चाहे उसका धर्म कुछ भी हो.
दरअसल, मीडिया से बातचीत के दौरान जावेद अख्तर ने फिल्म ‘स्वदेस’ के गाने ‘पल-पल है भारी’ की अपनी लिखी पंक्ति ‘मन से रावण जो निकाले, राम उसके मन में है’ का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि राम को केवल एक व्यक्ति के तौर पर नहीं देखना चाहिए, बल्कि उन्हें एक ऐसे विचार के रूप में समझना चाहिए, जो इंसान को सही रास्ते पर चलने और नैतिकता के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देता है.
इस दौरान जावेद अख्तर ने रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण’ पर भी अपनी बात रखी. उन्होंने बताया कि उन्होंने अभी तक फिल्म नहीं देखी है, लेकिन उनकी बेटी और फिल्ममेकर जोया अख्तर इसे देख चुकी हैं. जावेद के मुताबिक, जोया को फिल्म काफी पसंद आई और उन्होंने इसकी तारीफ भी की है.
मौलाना साजिद रशीदी ने जताई नाराजगी
जावेद अख्तर के बयान पर ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी ने नाराजगी जताई है. ANI से बातचीत में उन्होंने जावेद अख्तर पर निशाना साधते हुए कहा कि वह पहले कई बार खुद को नास्तिक बता चुके हैं और किसी धर्म को नहीं मानने की बात कह चुके हैं. ऐसे में अब भगवान राम की तारीफ करना उन्हें हैरान करता है.
मौलाना साजिद रशीदी ने तंज कसते हुए कहा कि जावेद अख्तर को अपना नाम बदलकर ‘राम पाल’ रख लेना चाहिए. उनके मुताबिक, ऐसा करने से हिंदू आबादी के बीच उन्हें ज्यादा सम्मान मिल सकता है.
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जावेद अख्तर का परिवार फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ा हुआ है और फिल्मों की तारीफ के पीछे कारोबार का फायदा भी हो सकता है. मौलाना ने आगे कहा कि वह खुद मुस्लिम हैं और अपनी पहचान पर गर्व करते हैं. उन्होंने जावेद अख्तर पर दो नावों में सवार होने जैसा आरोप लगाया और कहा कि इंसान को अपनी बात पर साफ रहना चाहिए.
जावेद अख्तर के राम को लेकर दिए गए बयान और मौलाना की प्रतिक्रिया के बाद यह मामला चर्चा में आ गया है. एक तरफ जावेद अख्तर राम को नैतिकता और अच्छे विचारों का प्रतीक बता रहे हैं, तो दूसरी तरफ उनके बयान पर सवाल उठाए जा रहे हैं. अब देखना होगा कि इस विवाद पर जावेद अख्तर की तरफ से कोई प्रतिक्रिया आती है या नहीं.
Also Read : सूर्य सिंह बेसरा पर हमले को लेकर जयराम महतो का तीखा बयान, बोले-“यह झारखंड आंदोलनकारी का अपमान है”

