Palamu : पलामू जिला प्रशासन अब हर बुधवार ‘जन समाधान दिवस’ का आयोजन करेगा। नए डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने जनता दरबार की जगह इस नई व्यवस्था की शुरुआत करने का फैसला लिया है। इस दिन वे खुद मौजूद रहेंगे और लोगों की समस्याएं सुनेंगे। जन समाधान दिवस में सिर्फ डीसी ही नहीं, बल्कि राजस्व, विकास और पुलिस विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। इसका मकसद यह है कि एक ही जगह पर लोगों की समस्याओं का तुरंत समाधान किया जा सके।
समस्याओं की होगी समीक्षा और त्वरित कार्रवाई
डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने बताया कि हर बुधवार आने वाली शिकायतों की समीक्षा की जाएगी और जल्द से जल्द उनका निपटारा करने की कोशिश होगी। जो मामले अदालत से जुड़े होंगे, उनमें संबंधित लोगों को सही जानकारी दी जाएगी। वहीं जो अधिकारी मामलों को लंबित रखेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई भी हो सकती है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि फर्जी शिकायत करने वालों पर भी नजर रखी जाएगी। ऐसे मामलों में कार्रवाई करने की बात भी कही गई है। जन समाधान दिवस के संचालन के लिए जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को नोडल बनाया गया है।
पानी और ट्रैफिक समस्या पर फोकस
डीसी ने बताया कि शहर में पानी की समस्या और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर प्रशासन गंभीर है। सड़कों पर लगने वाले स्ट्रीट वेंडरों को तय स्थानों पर शिफ्ट किया जाएगा ताकि जाम की समस्या कम हो सके। इस काम में नगर निगम के साथ मिलकर कार्रवाई होगी। जमीन से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की जा रही है। इसके साथ ही एसआईआर और जनगणना को लेकर जिला प्रशासन तैयारी में जुटा है। डीसी ने भरोसा दिलाया कि सभी काम पारदर्शिता के साथ पूरे किए जाएंगे।
Also Read : जामताड़ा पुलिस में बदलाव, एसपी राजकुमार मेहता को विदाई, एसपी शंभु कुमार सिंह की एंट्री


