Jamshedpur : शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक साकची में शनिवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के कार्यालय के पास अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि वहां पार्किंग में खड़ी करीब 5 से 6 दोपहिया गाड़ियां पूरी तरह जलकर राख हो गईं। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
कचरे के ढेर से उठी आग ने लिया विकराल रूप
जानकारी के मुताबिक, सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी कार्यालय के पास एक खाली जगह है, जहां लोग आमतौर पर अपनी गाड़ियां पार्क करते हैं। उसी जगह के किनारे स्थानीय लोग कचरा भी फेंकते हैं। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, किसी अज्ञात व्यक्ति ने कचरे के ढेर में आग लगा दी थी। दोपहर के समय हवा तेज होने की वजह से आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते पास में खड़ी गाड़ियों तक पहुंच गई।
धू-धू कर जलने लगीं गाड़ियां
कुछ ही मिनटों में आग की लपटें इतनी तेज हो गईं कि पार्किंग में खड़ी बाइक और स्कूटी धू-धू कर जलने लगीं। आग और धुएं को देखकर आसपास के दुकानदार, स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंच गए। लोगों ने हालात को समझते हुए हिम्मत दिखाई और वहां खड़ी अन्य दर्जनों गाड़ियों को तुरंत सुरक्षित जगह पर हटाया, जिससे और बड़ा नुकसान होने से बच गया।
इलाके में मची अफरा-तफरी
घटना के दौरान इलाके में काफी देर तक घबराहट और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। आग की लपटें और धुआं देखकर आसपास के लोग भी बाहर निकल आए।
Also Read :कोयला घोटाला में ईडी का एलबी सिंह को समन, 9 मार्च को रांची में पेश होने का दिया निर्देश


