Jamshedpur : स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 के नतीजों में जमशेदपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 से 10 लाख की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देशभर में तीसरा स्थान हासिल किया है। साथ ही, झारखंड में यह शहर पहले स्थान पर रहा है। इस उपलब्धि पर जमशेदपुर को ‘फाइव स्टार’ रेटिंग से सम्मानित किया गया है।
यह सम्मान भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित समारोह में प्रदान किया। कार्यक्रम का आयोजन केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा किया गया था। इस श्रेणी में महाराष्ट्र का मीरा-भायंदर शहर पहले स्थान पर रहा, जबकि दूसरा स्थान छत्तीसगढ़ के बिलासपुर को मिला।
जमशेदपुर की इस सफलता के पीछे बेहतर सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन, नागरिक जागरूकता और शहरी सुविधाओं में लगातार सुधार जैसे कारकों का योगदान है। टाटा स्टील और जमशेदपुर अक्षेस की भूमिका भी इसमें अहम रही। राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की है और इसे अन्य शहरों के लिए प्रेरणादायक बताया है।
वहीं, झारखंड के बुंडू को ‘प्रॉमिसिंग स्वच्छ शहर’ के रूप में सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने प्रदान किया। समारोह में झारखंड सरकार की ओर से नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार, शहरी विकास अभिकरण के निदेशक सूरज कुमार, जमशेदपुर अक्षेस के विशेष पदाधिकारी कृष्ण कुमार और बुंडू नगर पंचायत के अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर राष्ट्रपति, केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों ने झारखंड के नागरिकों को बधाई दी।
Also Read : तेजस्वी यादव ने ADG के बयान पर कसा तंज, कहा- ऐसे अधिकारियों को छुट्टी लेकर चले जाना चाहिए